Lockdown Jharkhand: चतरा में कल से खुलेंगे दफ्तर, रोस्टर अनुसार ड्यूटी करेंगे सरकारी बाबू
Lockdown Jharkhand चतरा में करीब एक महीने बाद सोमवार से सरकारी दफ्तर खुलेंगे। रविवार को उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह ने इस आशय का निर्देश जारी किया है।
चतरा, जासं। चतरा में करीब एक महीने बाद सोमवार से सरकारी दफ्तर खुलेंगे। रविवार को उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह ने इस आशय का निर्देश जारी किया है। निर्देश में जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक के सारे कार्यालयों का संचालन शुरू करने को कहा गया है। साथ ही साथ पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, अग्नी, कारा एवं नगर परिषद की सेवा बिना किसी प्रतिबंध के लॉकडाउन के पूर्व की तरह जारी रहेगी।
मास्क पहनकर आना अनिवार्य
मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के निर्देश का हवाला देते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रुप-ए एवं बी के पदाधिकारी आवश्यकता अनुसार कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। ग्रुप सी और उनके नीचे के कर्मचारियों की कार्यालय में 33 प्रतिशत तक उपस्थिति सुनिश्चित कराएंगे। डीसी ने कहा है कि ड्यूटी रोस्टर के अनुसार करेंगे। रोस्टर बनाते समय शारीरिक दूरी का ख्याल निश्चित रूप से रखेंगे। सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को मास्क का प्रयोग करने का निर्देश दिया है। बगैर मास्क पहने कार्यालय नहीं आने को कहा गया है। दफ्तरों में आम लोगों का अनावश्यक प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। यदि बहुत जरूरी काम से कोई आते हैं, तो उनका प्रवेश तभी मिलेगा, जब वे मास्क पहने होंगे। बहुत जरूरी पड़ने पर ही बैठक करने का निर्देश दिया है। बैठक में शारीरिक दूरी का अनुपालन करेंगे। कार्यालय परिसर में खैनी, पान, गुटखा आदि खाकर थूकना अपराध माना जाएगा।