उपायुक्त पहुंचे मयूरहंड, योजनाओं का किया औचक निरीक्षण
संवाद सूत्र मयूरहंड (चतरा) उपायुक्त दिव्यांशु झा बुधवार को मयूरहंड प्रखंड का दौरा किय
संवाद सूत्र, मयूरहंड (चतरा) : उपायुक्त दिव्यांशु झा बुधवार को मयूरहंड प्रखंड का दौरा किया। उपायुक्त सबसे पहले प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। प्रखंड कार्यालय के समीप बन रहा भारतीय खाद निगम के गोदाम का मुआयना किया। काम अधूरा देखकर संबंधित विभाग के अधिकारी को मोबाइल पर निर्देश देते हुए कहा कि संवेदक से एक सप्ताह के अंदर काम शुरू कराएं। यदि ऐसा नहीं करते हैं, तो उसे काली सूची में दर्ज करें। इसके बाद उपायुक्त धान क्रय केंद्र में पहुंचे। क्रय बंद था। केंद्र के बाहर किसानों के रखे धान को देखकर नाराजगी का इजहार करते हुए भारतीय खाद निगम के अधिकारियों को खूब फटकार लगाई। उन्होंने धान क्रय को लेकर निबंधन करने के साथ मैसेज भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि धान क्रय को लेकर एक भी किसान छूट न पाए, इसकी व्यवस्था तत्काल करें। उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कराए जा रहे कार्य घर घर जलापूर्ति योजना को मार्च के अंत तक पूरा करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय भवन निर्माण को लेकर भी संबंधित विभाग को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। ताकि आगामी सत्र में बच्चियों को अपना छात्रावास के साथ विद्यालय भवन भी मिले सके। जर्जर सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने करमा से सदाफर व पंचमो से नरचाही तक का सफर तय किया। उपायुक्त ने दोनों जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराने को लेकर संबंधित विभाग को 15 दिनों के अंदर डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने पेटाडेरी के लेडिया नदी पर बन रहे पुल, अंजनवा डैम व निर्माणाधीन नहर का भी निरीक्षण किया।