Lok Sabha Polls 2019: चतरा से सीपीआइ भी लड़ सकती है चुनाव
Lok Sabha Polls 2019. चतरा क्षेत्र में महागठबंधन की एकता तार-तार होती नजर आ रही है। राजद के बाद अब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भी चतरा से चुनाव लडऩे पर विचार कर रही है।
चतरा, संवाद सहयोगी। चतरा लोकसभा क्षेत्र में महागठबंधन की एकता तार-तार होती नजर आ रही है। राजद के बाद अब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भी चतरा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे पर विचार कर रही है। चतरा से चुनाव लडऩे को लेकर आगामी 30 मार्च को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक होने वाली है। संभावना है कि उस दिन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी चतरा से अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला लेगी।
दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने बताया कि महागठबंधन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को शामिल नहीं किए जाने से पार्टी अब अपना निर्णय लेने में पूरी तरह स्वतंत्र है। राज्य के अन्य लोकसभा क्षेत्रों के अलावा पार्टी चतरा से भी चुनाव लडऩे का विचार कर रही है।
उन्होंने बताया कि आगामी 30 मार्च को इस संबंध में चतरा, लातेहार एवं पलामू जिला के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक आहूत की गई है। बैठक में कार्यकर्ताओं से चुनाव लडऩे को लेकर राय ली जाएगी। कार्यकर्ताओं से सहमति प्राप्त करने के बाद पार्टी की राज्य इकाई इस पर अंतिम मुहर लगाएगी। मालूम हो कि महागठबंधन के तहत चतरा की सीट कांग्रेस पार्टी के खाते में गई है।
लेकिन महागठबंधन के निर्णय को ठेंगा दिखाते हुए राजद ने चतरा से चुनाव लडऩे का एलान कर दिया है। राजद ने चतरा से सुभाष यादव को अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। राजद के बाद सीपीआइ के द्वारा चुनाव लडऩे की संभावना ने महागठबंधन के नेताओं की नींद उड़ा दी है।