छठ घाटों की साफ-सफाई का अभियान शुरू
संवाद सहयोगी इटखोरी(चतरा) दीपावली का त्योहार संपन्न हो जाने के पश्चात प्रखंड में छठ महापव
संवाद सहयोगी, इटखोरी(चतरा): दीपावली का त्योहार संपन्न हो जाने के पश्चात प्रखंड में छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों की साफ सफाई का काम शुरू हो गया है। हालांकि सरकार ने नदी, तालाब व डैम के किनारे छठ महापर्व के आयोजन पर फिलहाल प्रतिबंध लगा दिया है। लेकिन लोगों को उम्मीद है कि सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करेगी। प्रखंड में छठ महापर्व का सबसे बड़ा आयोजन मां भद्रकाली मंदिर के समीप महाने नदी के छठ घाट पर होता है। पूजा के आयोजन को लेकर सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राम, मृत्युंजय सिंह, रतन शर्मा, सतीश सिंह आदि के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने छठ घाट में साफ सफाई का काम शुरू किया। उपरोक्त सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि छठ महापर्व के प्रथम अर्ध्य से पहले छठ घाट को पूरी तरह व्यवस्थित कर दिया जाएगा। सरकार के द्वारा नदी व तालाब के किनारे छठ महापर्व के आयोजन पर प्रतिबंध लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार अपने फैसले पर निश्चित रूप से पुनर्विचार करेगी। क्योंकि छठ पर्व लोक आस्था का महापर्व है। छठ महापर्व करने वाले अधिकांश श्रद्धालु भक्त तालाब या नदी के किनारे ही भगवान भास्कर को अर्ध्य अर्पित करते हैं। ऐसे में सरकार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। ताकि लोक आस्था का महापर्व विधि-विधान पूर्वक संपन्न हो सकें। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए इस वर्ष छठ महापर्व पर पहले जैसी साज-सज्जा नहीं की जाएगी। सिर्फ श्रद्धालु भक्तों की सुविधा के लिए विद्युत की व्यवस्था होगी। कोरोना का संक्रमण फैले नहीं इसके लिए शारीरिक दूरी बनाकर रखने तथा मास्क पहनकर छठ घाट पर आने की व्यवस्था बनाई जाएगी।