सदर अस्पताल में साधन और सुविधाएं बढ़ाने की प्रकिया शुरू
जागरण संवाददाता चतरा कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य व्यवस्था
जागरण संवाददाता, चतरा : कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिया है। इस निमित सदर अस्पताल में चालीस बेड का उच्च गुणवत्ता वाले पाइप्ड आक्सीजन सप्लाई व आक्सीजन प्लांट का अधिष्ठापन किया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उक्त बातें उपायुक्त दिव्यांशु झा ने दैनिक जागरण से रविवार को विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि सांसद सुनील कुमार सिंह ने सांसद निधि से तीस लाख रुपये दिए हैं। उसके अलावा सीएसआर से राशि मुहैया कराई जा रही है, ताकि अधिष्ठापन की प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके। जिले में आक्सीजन की कमी नहीं है। वर्तमान समय में बारह बड़ा और 80 से 90 छोटे आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। बेसिक मरीजों को रहने के लिए यहां पर पर्याप्त व्यवस्था है। यहां के अधिकतर लोग हजारीबाग एवं रांची के लिए ज्यादा जोर लगा रहे हैं। मरीज लेबल आफ केयर में जाना चाहते हैं। इसीलिए वह वहां जाना चाहते हैं। यहां पर क्षमता विकसित करने की कोशिश की जा रही है। चालीस बेड का उच्च गुणवत्ता वाली पाइप्ड आक्सीजन सप्लाई व आक्सीजन प्लांट का अधिष्ठापन इसी को देखते हुए किया जा रहा है। इसमें थोड़ा समय लगेगा। लेकिन जब विकसित हो जाएगा, तब गंभीर मरीजों को भी यहां पर उचित उपचार किया जा सकेगा। सबसे शर्मनाक स्थिति यह है कि लोग प्रतिष्ठान एवं सार्वजनिक आयोजनों से बाज नहीं आ रहे हैं। इतना कुछ होने के बाद भी हम सचेत नहीं हो रहे हैं, यह दुखद है। ऐसे में कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। लेकिन कानूनी कार्रवाई कितने लोगों पर करिएगा। लोगों को खुद जागरूक होने की आवश्यकता है। अनावश्यक रूप से बाजार जाने से बचें। भीड़ भाड़ से बचें। मास्क का नियमित प्रयोग करें।