जले भक्ति के दीप, लगे आस्था के जयकारे
संवाद सूत्र सिमरिया (चतरा) अयोध्या में प्रधानमंत्री द्वारा श्रीराम मंदिर की आधारशिला रखते ही र
संवाद सूत्र, सिमरिया (चतरा) : अयोध्या में प्रधानमंत्री द्वारा श्रीराम मंदिर की आधारशिला रखते ही राम भक्त खुशी से झूम उठे। मंदिरों में भक्ति के दीप जले और आस्था का जयघोष गूंज उठा। राम भक्तों ने शिलान्यास की खुशी में मिठाइयां बांटी और एक दूसरे को बधाई दी। राम मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम को लोगों ने दूरदर्शन पर घर-घर देखा और खुशी जाहिर की। सिमरिया चौक के संकट मोचन हनुमान मंदिर को फूलों से सजाया गया और वहां देर शाम तक भजन-कीर्तन का दौर चला। सिमरिया बस्ती के शिव मंदिर में घी के दिए जलाए गए और विशेष आरती की गई। एदला के मंदिरो में देर शाम तक जयघोष गूंजता रहा। जबड़ा मंदिर में अखंड रामायण का पाठ किया गया तथा समस्त परिसर को भगवा ध्वज से सजाया गया। बगरा, डाड़ी, एदला, शिला, चौपे, देलहो, जांगी आदि के मंदिरों में उत्सव का नजारा था। कई ग्राम देवी के मंडपों महिलाओं ने गीतों से प्रसन्नता का इजहार किया। राम मंदिर के शिलान्यास का उत्साह चौक चौराहा से लेकर गांव के गलियों तक देखा गया। समाचार लिखे जाने तक शिलान्यास को लेकर उत्साह चरम पर था राम भक्त राम धुन पर झूम रहे थे और घर-घर दीप जलाने की तैयारी चल रही थी।