भगवान सूर्य व छठी मइया की आराधना
बोकारो चास-बोकारो के श्रद्धालुओं ने चैती छठ पर्व मनाया। बोकारो इस्पात नगर के विभिन्न सेक्टर
बोकारो : चास-बोकारो के श्रद्धालुओं ने चैती छठ पर्व मनाया। बोकारो इस्पात नगर के विभिन्न सेक्टर एवं चास के विभिन्न मोहल्ले के अलावा आसपास के क्षेत्र में रहने वाले श्रद्धालु मंगलवार अहले सुबह टू टैंक गार्डेन, कुलिग पौंड के अलावा अन्य तालाब व छठ घाट पहुंचे। कुछ श्रद्धालु अपने माथे पर दौरा लेकर आगे-आगे चल रहे थे। महिलाएं इनके पीछे गीत गाते हुए चल रही थीं। छठ घाट पर पहुंच कर व्रतियों ने भगवान भास्कर एवं छठी मइया की आराधना की। इधर, कुछ श्रद्धालुओं ने अपने घर की छत तो कुछ लोगों ने बागान में भगवान भास्कर व छठी मइया की पूजा-अर्चना की। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर श्रद्धालु सतर्कता बरत रहे थे। श्रद्धालुओं ने लोगों के निरोग काया की भी कामना की। श्रद्धालुओं ने गीत के माध्यम से भगवान भास्कर व छठी मइया की महिमा का बखान किया। इस दौरान वातावरण में भक्ति रस का समावेश हो गया।
-व्रतियों ने किया पारण
व्रती भगवान भास्कर व छठी मइया के पूजन के पश्चात अपने परिजनों व रिश्तेदारों के साथ घर पहुंचे। इधर कुछ व्रतियों ने अपने घर की छत व बागान पर पूजन के पश्चात पारण किया। इसके पश्चात लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।