पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी हर इंसान की
चंदनकियारी मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन विवेकानंद उद्यान पार्क के समीप रविवार को वन विभाग की ओर से 70वां वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सूबे के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने दीप प्रज्वलित कर और पौधारोपण कर की।
संवाद सहयोगी, चंदनकियारी: चंदनकियारी मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन विवेकानंद उद्यान पार्क के समीप रविवार को वन विभाग की ओर से 70वां वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सूबे के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने दीप प्रज्वलित कर और पौधारोपण कर की। उन्होंने कहा कि नैसर्गिक सौंदर्य और शुद्ध वातावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं। पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी हर इंसान की है। पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए संजीवनी हैं। प्राथमिकता के साथ सामूहिक प्रयास से समर्पित भाव से प्रकृति की रक्षा करें। प्रकृति बचेगी तो हम बचेंगे। आने वाली पीढ़ी की रक्षा के लिए हर इंसान कम से कम दो पौधे जरूर लगाएं।
मंत्री ने कहा कि भविष्य में जल संकट ना हो, इसके लिए जल संचयन आवश्यक है। इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री द्वारा पहली बार जल शक्ति मंत्रालय बनाया गया है। जिला परिषद अध्यक्ष सुषमा देवी ने महिलाओं को पौधारोपण और जल संचयन में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। इस दौरान कस्तूरबा बालिका विद्यालय और हॉली क्रॉस की छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत पौधा देकर और स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक बोकारो डी व्यंकेटशवलू, वन संरक्षक एससी राय, डीएफओ आरएन मिश्रा, प्रशिक्षु डीएफओ राहुल कुमार, बीडीओ रवींद्र कुमार गुप्ता, वन क्षेत्र पदाधिकारी चास अजय कुमार के अलावा वन विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।