बोकारो थर्मल-कथारा ओवरब्रिज से आवागमन शुरू
संवाद सहयोगी बोकारो थर्मल (बेरमो) बोकारो थर्मल-कथारा ओवरब्रिज से वाहनों का आवागमन शुक्र
संवाद सहयोगी, बोकारो थर्मल (बेरमो): बोकारो थर्मल-कथारा ओवरब्रिज से वाहनों का आवागमन शुक्रवार को शुरू हो गया। डीवीसी के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान कमलेश कुमार ने लोकार्पण किया। वहीं बीटीपीएस के वर्तमान मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान सुप्रियो गुप्ता, मुख्य अभियंता टी अकबर, अपर निदेशक नीरज कुमार सिन्हा व उपमुख्य अभियंता सिविल अरुण कुमार ने नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया। डीवीसी की ओर से कोनार नदी के ऊपर 134 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लगभग दो किलोमीटर लंबा यह ओवरब्रिज बोकारो थर्मल को सीधे तौर पर कथारा से जोड़ता है। 25 फरवरी-2015 को इस ओवरब्रिज के निर्माण के लिए बीटीपीएस के तत्कालीन मुख्य अभियंता सह परियोजना प्रधान कमलेश कुमार ने भूमि पूजन कराया था। इसलिए लगभग पांच वर्ष के बाद इस ओवरब्रिज को चालू करने के लिए उन्हीं के हाथों लोकार्पण कराया गया। इस ओवरब्रिज से बोकारो थर्मल व कथारा सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को आवागमन करने में सुविधा होगी। इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य राइट्स, डेको एवं बीकेबी कंपनी ने संयुक्त रूप से कराया। परियोजना प्रधान गुप्ता ने कहा कि इन दिनों वर्षा होने से बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के नए ए प्लांट के सीएचपी से गुजरने वाली सड़क कीचड़ से भरकर असुरक्षित हो गई है। इस कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो इसलिए फिलहाल ओवरब्रिज के रैंप नंबर एक जो रेलवे फाटक के पास उतरता है, उसका निर्माण कार्य पूरा कराकर आमलोगों के लिए खोल दिया गया है।