चंद्रपुरा में निजी कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर पर फायरिंग
संवाद सहयोगी दुग्दा बोकारो --झरिया ओपी क्षेत्र के हीरक रोड के किनारे सहदेव होटल के
संवाद सहयोगी, दुग्दा : बोकारो --झरिया ओपी क्षेत्र के हीरक रोड के किनारे सहदेव होटल के सामने पवार गेन इंजीनियर्स कंपनी के प्रोजेक्ट अभियंता अखिलेश तिवारी और एरिया मैनेजर प्रितपाल सिंह पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। तीन की संख्या पहुंचे अपराधियों ने दो अधिकारियों का पीछा करते हुए सड़क पर हवाई फायरिग की।
अधिकारियों ने बताया है कि धनबाद जिले के मधुबन कोलवाशरी में एचईसी नई वाशरी बना रही है। निर्माणाधीन वाशरी में उनकी कंपनी इलेक्ट्रॉनिक वर्क कर रही है। पवार गेन इंजीनियर्स में प्रोजेक्ट इंजीनियर और एरिया मैनेजर के पद पर वे कार्य कर रहे हैं। काम करने के बाद मधुबन कोलवाशरी से अपनी हीरो मोटरसाइकिल संख्या जेएच 10 बी एस 2158 से वापस चंद्रपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान जमुनिया नदी पुल के पास से तीन अपराधी एक ही मोटरसाइकिल से पीछा करने लगे। उनमें से एक ने पिस्तौल तान दी। वे दोनों मोटरसाइकिल भागने लगे। किसी तरह उनकी जान बच सकी है।
बताया जाता है कि दोनों अधिकारी जान बचाने के लिए घुटवे स्थित सहदेव होटल में घुस गए। इसके बावजूद अपराधियों ने सड़क पर हवाई फायरिग कर दहशत पैदा करने की कोशिश की। गोली चलाने के बाद तीनों मधुबन की ओर चले गए। इंजीनियर अखिलेश तिवारी ने बताया कि गोली चलाने वाले अपराधी खानुडीह बस्ती के अंजान पांडेय उर्फ निकी पांडेय और उसके दो साथी थे। निक्की उनकी कंपनी में काम करता था। काम ठीक से नहीं करने के कारण उसका हिसाब देकर उसे हटा दिया गया था। इसके बाद वह लगातार रंगदारी के रूप में पैसे की मांग करने लगा। नहीं देने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट भी करता था। उसी ने आज की घटना को अंजाम दिया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे गोली का खोखा बरामद कर घटना की जानकारी ले रही है।