पेड़ से लटका मिला युवक और युवती का शव, हत्या की आशंका
युवक और युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
उपरघाट ( बेरमो)। उपरघाट के पेंक नारायपुर थाना क्षेत्र के बोरवापानी जंगल के मरचैयागढ़ा नाला के निकट एक पेड़ पर युवक और युवती के शव फंदा लगाकर लटके मिले हैं। स्थानीय लोग दोनों को प्रेमी युगल बता रहे हैं। घटनास्थल थाना परिसर से महज 500 गज की दूरी पर है।
युवक का नाम कार्तिक सोरेन (30) है। कार्तिक उपरघाट की पेंक पंचायत के रेला बेड़ा का रहने वाला था। वह शादीशुदा था, उसके दो बच्चे भी हैं। वहीं, युवकी की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। यहां मौसम सुबह से खराब है। बारिश होने के कारण पेंक पुलिस को अनुसंधान में परेशानी हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला संदिग्ध है। दोनों की हत्या की गई है। युवक का गुप्तांग कटा हुआ है। शरीर पर जख्म के निशान हैं। पुलिस भी इस मामले को हत्या से ही जोड़ कर अनुसंधान कर रही है। पुलिस इस मामले अभी कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। पुलिस अभी लड़की की पहचान करने में जुटी हुई है।