2010 में बने अस्पतालों को चालू कराए राज्य सरकार
संवाद सहयोगी करगली (बेरमो) सूबे के पूर्व ऊर्जामंत्री लालचंद महतो ने कहा कि वर्ष-2010 में ब
संवाद सहयोगी, करगली (बेरमो) : सूबे के पूर्व ऊर्जामंत्री लालचंद महतो ने कहा कि वर्ष-2010 में बने अस्पतालों को राज्य सरकार चालू कराए। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष-2010 में 1897 करोड़ की लागत से 629 स्वास्थ्य केंद्र व स्वास्थ्य उपकेंद्र बनवाया, लेकिन डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली नहीं की गई। यह बातें उन्होंने मंगलवार को बैदकारो स्थित अपने आवास में कही।
उन्होंने कहा कि यही स्थिति वर्ष-2014 के बाद झारखंड राज्य में भाजपा सरकार में भी रही। तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा की सरकार पांच वर्ष तक चली, लेकिन उन्होंने भी उन अस्पतालों को चालू कराने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों एवं डॉक्टरों की बहाली नहीं की। जबकि बेकार पड़े-पड़े अस्पतालों के भवन जर्जर होते जा रहे हैं। उन्होंने वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए उन अस्पतालों को तत्काल चालू किए जाने की आवश्यकता है। इसके लिए डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की बहाली की जाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में वर्तमान समय में 11000 की जनसंख्या में मात्र एक डॉक्टर है। जबकि नियमानुसार एक हजार की जनसंख्या में एक डॉक्टर होना चाहिए। उन्होंने इस दिशा में सरकार से पहल करने की मांग की है।