गैस सिलिंडर फटने से ढह गई छत, महिला जख्मी
गोमिया (बेरमो) गोमिया थाना अंतर्गत पड़रिया गांव के एक मकान की छत रसोई गैस सिलिंडर फटने स
गोमिया (बेरमो) : गोमिया थाना अंतर्गत पड़रिया गांव के एक मकान की छत रसोई गैस सिलिंडर फटने से ढह गई। इस घटना में जीरवा देवी (48) झुलस गई। यह हादसा बुधवार को सुबह हुआ। जीरवा देवी नाश्ता बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने को लाइटर का उपयोग किया।
परिजनों ने उसे गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया।
महिला के पति मुद्रिका यादव का निधन कई वर्ष पूर्व में हो चुका है। उनकी सिर्फ दो बेटियां हैं। इस कारण हादसे के वक्त वह अपने घर में अकेली थीं। पास-पड़ोस में रह रहे रिश्तेदारों ने बताया कि विस्फोट की आवाज सुनी तो दौड़ते हुए पहुंचे। तब झुलसी हुई अवस्था में जीरवा देवी घर के बरामदे में पड़ी मिलीं। लोगों ने गोमिया पुलिस को सूचना दी। उसके बाद अस्पताल ले जाया गया।
रिश्तेदारों ने बताया कि महिला का कहना है कि मंगलवार की रात खाना बनाने के बाद गलती से सिलिंडर की गैस खुली रह गई। इस कारण दरवाजा बंद होने के कारण घर के अंदर गैस भर गई। सुबह नाश्ता बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर का उपयोग किया तो घर में फैली गैस ने आग पकड़ ली और ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इस कदर जबरदस्त हुआ था कि कमरे की ऊपरी छत के परखचे उड़ गए और दो मंजिला मकान की दीवारों में जगह-जगह दरार पड़ गई।