सेलकर्मियों को दीपावली में मिलेगा पे रिवीजन का तोहफा
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में पे रिवीजन पर इस्पात मंत्रालय व प्रबंधन के बीच सहमति बन गई है। अधिकारियों को 15 तो कर्मचारियों को 12 फीसद एमजीबी पर करार किया जाएगा।
बोकारो : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में पे रिवीजन पर इस्पात मंत्रालय व प्रबंधन के बीच सहमति बन गई है। अधिकारियों को 15 तो कर्मचारियों को 12 फीसद एमजीबी पर करार किया जाएगा। हालांकि वेतन मसौदे पर अंतिम एकरारनामा एनजेसीएस वे सेफी के हस्ताक्षर के बाद ही होगा, लेकिन मंत्रालय व सेल मुख्यालय ने अपनी ओर से रणनीति तैयार कर ली है। दीपावली के मौके पर संयंत्रकर्मियों को पे रिवीजन का तोहफा देने का निर्णय लिया गया है। गुरुवार 21 जुलाई को केंद्रीय इस्पातमंत्री धर्मेद्र प्रधान ने संबंधित अधिकारियों से वीडियो संवाद के जरिए पे-रिवीजन पर वार्ता की। जहां इस बात पर सहमति बनी की पहले अनाधिशासियों का वेतन पुनरीक्षण करने के पश्चात अगले 15 दिनों के अंदर अधिशासियों का भी पे रिवीजन कर देना है। रिवीजन के लिए राशि के प्रबंध का निर्देश सेल मुख्यालय को दे दिया गया है। कामगारों का पे रिवीजन पूर्व की तरह पांच साल पर किये जाने को लेकर जिच कायम है। सेल मुख्यालय अधिकारियों की तर्ज पर इसे 10 साल पर करने के पक्ष में है। वेतन समझौता लागू होने के बाद एक जनवरी 2017 से यह कंपनी में प्रभावी होगी। जहां संयंत्रकर्मियों को एरियर की राशि दो किस्तों में दिया जाएगा। योजना के लागू होने से सेल में काम करने वाले लगभग 78 हजार कर्मचारी-अधिकारी लाभान्वित होंगे।
सेफी काउंसिल की आज होगी वीसी :
इस्पात मंत्रालय व सेल मुख्यालय के बीच पे रिवीजन पर सहमति बनने के बाद शनिवार को दोपहर तीन बजे सेफी काउंसिल के सदस्यों की वीडियो संवाद द्वारा बैठक रखी गई है। इस दौरान पे-रिवीजन के अन्य पहलुओं पर समिति के सदस्य विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इसके बाद 28 जुलाई को सेल प्रबंधन व सेफी के बीच वीडियो संवाद द्वारा बैठक होगी। इससे पूर्व सेफी के अधिकारियों ने गुरुवार 21 जुलाई को केंद्रीय इस्पात मंत्री को पत्र लिखकर सेल में पे रिवीजन जल्द से जल्द लागू करने की मांग की है। बताया जाता है कि सेल अध्यक्ष ने भी अपनी ओर से संकेत दे दिया है कि वे अपने सेवानिवृत्ति से पहले रिवीजन का रास्ता साफ कर देंगे। मालूम हो कि कंपनी में अधिकारी व कर्मचारियों का पे रिवीजन एक जनवरी 2017 से लंबित है।
सेल अधिकारियों का पे रिवीजन शीघ्र लागू करने के लिए केंद्रीय इस्पातमंत्री को पत्र लिखे है, साथ ही मसले पर सेल अध्यक्ष से भी वार्ता हुई है। मंत्रालय व मुख्यालय की ओर से मिले सकारात्मक संकेत से यह साफ कर दिया है कि दीपावली में कर्मचारी व अधिकारी दोनों को वेतन पुनरीक्षण का तोहफा दे दिया जाएगा।
- विमल कुमार विशी, महासचिव, सेफी