लहसुन की चोरी से सहमा प्याज
जागरण संवाददाता बोकारो बोकारो शहर में अब तक अपराधी बाइक चोरी चेन छिनतई गोलीबारी
जागरण संवाददाता, बोकारो : बोकारो शहर में अब तक अपराधी बाइक चोरी, चेन छिनतई, गोलीबारी आदि करते रहे हैं। अब अपराध का दायरा बढ़ाते हुए खाद्य पदार्थ की चोरी भी शुरू कर दी है। अब तक बोकारो में ऐसा नहीं होता था। दुंदीबाद में बांस से बनी झोपड़ियों में फल एवं सब्जियों का भंडारण होता है। गुरुवार की रात शहर के दुंदीबाद मछली पट्टी स्थित एक गोदाम से चोरों ने 80 हजार रुपये लहसुन टपा लिया। लहसुन की चोरों के बाद अब यहां के व्यवसायी प्याज समेत अन्य साग-सब्जी की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं।
सिटी थाने की पुलिस ने दुकानदार चीरा चास के साईं आस्था वेलकम टावर निवासी उमेश पोरवाल की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। दुकानदार उमेश ने जागरण को बताया कि उनके गोदाम से पचास कदम दूर स्थित एक छोटी दुकान में उनका स्टाफ उमेश यादव सो रहा था। शुक्रवार की सुबह एक ऑटो पर लहसुन लोड कर दूसरी जगह व्यापारी के पास भेजने की तैयारी उनलोगों की थी। इसी को लेकर सुबह वह अपने स्टाफ को सुबह फोन किए। स्टाफ उमेश जब गोदाम पर पहुंचा तो देखा कि वहां का ताला टूटा हुआ है और भीतर से कई सामान गायब है। तुरंत स्टाफ ने उन्हें इस घटना की सूचना दिया। इस सूचना पर वह गोदाम में पहुंचे। देखे कि यहां रखा 80 हजार रुपये मूल्य का लहसुन गायब है। दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना देने पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस जांच को पहुंची। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।