भाजपा विधायकों को मिला एक्सटेंशन, झामुमो का बढ़ा टेंशन
लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद परेशान भाजपा व आजसू के विधायकों ने आज के चुनाव परिणाम के बाद राहत की सांस ली है।
जासं, बोकारो: लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद परेशान भाजपा व आजसू के विधायकों ने आज के चुनाव परिणाम के बाद राहत की सांस ली है। बेरमो से भाजपा विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, बाघमारा विधायक, गिरिडीह विधायक निर्भय शाहाबादी तथा टुंडी से आजसू के विधायक राजकिशोर महतो ने राहत की सांस ली होगी।
चूंकि सीएम ने इस बात की घोषणा की थी कि जो विधायक स्वयं से मिले ज्यादा मत नहीं दिला सकेंगे, वे भविष्य में टिकट का आशा नहीं करें। पर परिणाम उत्साहित करने वाला रहा। बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल को उनके 60 हजार वोट के जवाब में जनता ने 1 लाख 12 हजार वोट दे दिया। इसी प्रकार बाघमारा विधायक ढुलू महतो के 67 हजार के बदले 1 लाख 4 हजार, गिरिडीह में निर्भय शाहाबादी को 50 हजार वोट के बदले 95248 तथा टुंडी से आजसू के विधायक राजकिशोर महतो को 60 हजार मत के बदले 1 लाख 5 हजार देकर सभी की प्रतिष्ठा एवं साख को जनता ने बचा लिया। वहीं झामुमो की गोमिया विधायक बबीता देवी अपने विधानसभा में बढ़त तो दूर, प्रत्याशी को नजदीक भी नहीं पहुंचा सकी। यहां आजसू को 1 लाख 18 हजार मत मिला तो झामुमो को मात्र 60 हजार से संतोष करना पड़ा। इसी प्रकार झामुमो के प्रत्याशी व डुमरी के विधायक जगरनाथ महतो को गत लोकसभा चुनाव में 84 हजार मत मिले थे इस बार 70 हजार में सिमट गए।