साइन बोर्ड पर ही रह गया नालंदा खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र
जागरण संवाददाता बोकारो बोकारो स्टील सिटी कॉलेज में नालंदा खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद
जागरण संवाददाता, बोकारो: बोकारो स्टील सिटी कॉलेज में नालंदा खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र खोला गया था, लेकिन दो वर्ष से विश्वविद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों पर विराम सा लग गया है। इस विश्वविद्यालय में ऑफलाइन नामांकन नहीं हो सका है। वहीं ऑनलाइन नामांकन से संबंधित सूचना भी बोकारो स्टील सिटी कॉलेज अध्ययन केंद्र में उपलब्ध नहीं हो सकी है। लिहाजा, नालंदा खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र साइन बोर्ड पर सिमट कर रह गया है।
-कोरोना काल में बंद सी हो गईं शैक्षिक गतिविधियां :
जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बोकारो स्टील सिटी कॉलेज में नालंदा खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र खोला गया है। कॉलेज परिसर में नालंदा खुला विश्वविद्यालय, बोकारो स्टील सिटी कॉलेज अध्ययन केंद्र का साइन बोर्ड लगाया गया है। कॉलेज के परीक्षा केंद्र में ही इसका ऑफिस संचालित किया जा रहा है। पूर्व में सुचारू रूप से इस अध्ययन केंद्र का संचालन किया जाता था, लेकिन कोरोना काल में अध्ययन केंद्र में शैक्षिक गतिविधियां बंद सी हो गईं हैं। 2020 में लॉकडाउन के दौरान अध्ययन केंद्र को भी बंद किया गया था। यहां ऑफलाइन दाखिले की प्रक्रिया को रोक दिया गया। विश्वविद्यालय में ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया जारी रही, लेकिन बोकारो स्टील सिटी अध्ययन केंद्र के माध्यम से नालंदा खुला विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्स में कितने विद्यार्थियों ने दाखिला लिया, इसकी सूचना नहीं है। दो वर्ष से यहां ऑफलाइन नामांकन की प्रक्रिया नहीं शुरू की जा सकी है। केंद्र की ओर से विद्यार्थियों को नामांकन के संबंध में सूचना भी उपलब्ध नहीं करायी जा रही है। साथ ही वर्ष 2020-22 सत्र के लिए पाठ्य-पुस्तकें भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं। इससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-स्नातक व स्नातकोत्तर कोर्स की शिक्षा ग्रहण कर सकते विद्यार्थी :
नालंदा खुला विश्वविद्यालय के माध्यम से विद्यार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर व अन्य कोर्स से संबंधित शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं। विद्यार्थी स्नातक प्रतिष्ठा कला, विज्ञान व वाणिज्य, स्नातकोत्तर कला, विज्ञान व वाणिज्य, पीएचडी, एमसीए, लाइब्रेरी साइंस, पीजी डिप्लोमा, बीएड, कंप्यूटर एडुकेशन, इंटरमीडिएट कला, वाणिज्य व विज्ञान, चाइल्ड एंड वूमेन डेवलपमेंट, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से संबंधित सर्टिफिकेट कोर्स के अलावा 119 कोर्स से संबंधित शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं।
-----
नालंदा खुला विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन नामांकन से संबंधित सूचना उपलब्ध नहीं है। पाठ्य पुस्तकें भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं। कोरोना काल में अध्ययन केंद्र में ऑफलाइन दाखले की प्रक्रिया बंद है। विश्वविद्यालय प्रबंधन से शैक्षिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी हासिल की जाएगी। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से संबंधित सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।
डॉ.एके माजी, को-ऑर्डिनेटर नालंदा खुला विश्वविद्यालय बोकारो अध्ययन केंद्र सह प्राचार्य
बोकारो स्टील सिटी कॉलेज