मासस का प्रखंड स्तरीय सम्मेलन संपन्न, कमेटी का हुआ गठन
चंद्रपुरा प्रखंड स्तरीय मार्क्सवादी समन्वय समिति का एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन दुगदा स्थित बीसीकेयु कार्यालय में सोमवार को संपन्न हुआ। अध्यक्षता बसंत केवट ने की। बतौर मुख्य अतिथि मासस के जिला अध्यक्ष दिलीप तिवारी उपस्थिति थे।
संवाद सहयोगी, दुगदा: चंद्रपुरा प्रखंड स्तरीय मार्क्सवादी समन्वय समिति का एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन दुगदा स्थित बीसीकेयु कार्यालय में सोमवार को संपन्न हुआ। अध्यक्षता बसंत केवट ने की। बतौर मुख्य अतिथि मासस के जिला अध्यक्ष दिलीप तिवारी उपस्थिति थे। उन्होंने कहा कि देश के औद्योगिक संस्थानों के निजीकरण की साजिश की जा रही है। सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कानून में बदलाव कर रही है। केंद्र सरकार के इस मंसूबे को कभी पूरा नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि सरकार देश को आर्थिक गुलामी की ओर ले जाने को आमदा है। इसे बचाने की जरूरत है। कारपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में झारखंड सरकार ने बोकारो व धनबाद जिले के लिए भोजपुरी एवं मगही भाषा को क्षेत्रीय भाषा के रूप में घोषित किया है। इसका मासस जोरदार विरोध करती है।
सम्मेलन में मासस चंद्रपुरा प्रखंड कमेटी का गठन किया गया। अध्यक्ष अंगेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष फिरोज खान, सचिव अजय केवट, सह सचिव शशि दास, एवं कोषाध्यक्ष बप्पी दा को सर्वसम्मति से चुना गया। मौके पर पार्टी के जिला सचिव दयाराम शर्मा, भीम रजक, महादेव शर्मा, उमेश कुमार महतो, राजेश कुमार, राहुल केवट, नेपाल रविदास, बिरजू कुमार, पवन केवट, मोनू केवट, आशीष केवट आदि थे।