ओएनजीसी से हटाए मजदूरों ने जताया विरोध
संवाद सहयोगी ललपनिया (बेरमो) गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म पश्चिमी पंचायत में ओएनजीसी से हटाए
संवाद सहयोगी, ललपनिया (बेरमो) : गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म पश्चिमी पंचायत में ओएनजीसी से हटाए गए मजदूरों ने गुरुवार को विरोध जताया। मजदूरों का नेतृत्व स्थानीय मुखिया शोभा देवी कर रही थीं। उन्होंने कहा कि खुदगडा ग्राम में संचालित ओएनजीसी प्लांट में टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड के अधीन कार्य कर रहे 60 मजदूरों को कार्य से बैठा दिया गया है। इसलिए सभी मजदूरों ने झारखंड जेनरल मजदूर यूनियन को आवेदन देकर इस समस्या का समाधान करने का आग्रह किया। मुखिया ने कहा कि इन मजदूरों को हक हरहाल में दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा मजदूरों को जबतक पुन: काम मिल नहीं जाएगा, तबतक आंदोलन जारी रहेगा।
यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष उमेश राम ने कहा कि जिन मजदूरों ने अपनी मेहनत से प्लांट को खड़ा करने में सहयोग किया, उन्हें अचानक कार्य से बैठा दिया जाना, न्यायसंगत नहीं है। सचिव सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि एक तो कार्य कर रहे मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जाती, वहीं बकाया मजदूरी का भुगतान किए बिना ही काम से बैठा दिया गया। इस कारण मजदूरों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौके पर मजदूरों में सामुदास मुंडा, प्रकाश सिंह, राजेश प्रसाद, संतोष राम, अजय गंझू, राजू राम, महेंद्र ठाकुर, सुरेश यादव, कामेश्वर ठाकुर, राजवीर सिंह आदि उपस्थिति थे।