विस्थापितों व बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का संकल्प
करगली (बेरमो) झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को करगली
करगली (बेरमो) : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को करगली मैदान में जुटकर विस्थापितों व बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का संकल्प लिया। साथ ही महारैली का आयोजन व आंदोलन करने की घोषणा की। झामुमो स्पोर्ट्स विग के जिलाध्यक्ष आलमगीर खान ने कहा कि विस्थापितों को अधिकार व बेरोजगारों को रोजगार दिलाने की मांग पर 28 नवंबर को अमलो के कर्बला मैदान में महारैली कर सीसीएल ढोरी व बी एंड के प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन का शंखनाद किया जाएगा। विस्थापितों व बेरोजगारों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनकी पार्टी सीसीएल प्रबंधन से आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की घोषणा के अनुसार सीसीएल की परियोजनाओं में आउटसोर्स के तहत कार्यरत सभी कंपनियां अपने कार्यबल के अनुरूप 75 प्रतिशत युवाओं को नियोजन दे, अन्यथा उन कंपनियों को बेरमो से चलता कर दिया जाएगा।
झामुमो के फुसरो नगर अध्यक्ष मदन महतो ने कहा कि रोजगार के अभाव के कारण बेरमो क्षेत्र के युवा अन्यत्र पलायन करने को विवश हो रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। झामुमो के जिला संगठन सचिव बिगन सोनी ने कहा कि विस्थापित अपनी जमीन देकर अधिकार से वंचित हैं। उसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीसीएल एवं डीवीसी के प्रतिष्ठानों में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनियां स्थानीय युवाओं को रोजगार दे, अन्यथा चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। यहां पार्टी के सक्रिय सदस्य महताब खान को झामुमो की फुसरो नगर समिति का संगठन मंत्री मनोनीत किया गया। मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य बनवीर मिश्रा, जिला संयुक्त सचिव पानबाबू केवट, बेरमो प्रखंड अध्यक्ष संतोष महतो एवं फुसरो नगर उपाध्यक्ष शंकर बेसरा सहित अनिल रजवार, हाशिम अंसारी, दौलत महतो, अजय साव, सूरज बाउरी, अख्तर अंसारी, जयंत मेहता, विक्की आनंद महतो, अमित झा, टेकनारायण महतो, दीपक गुप्ता, मुन्ना उरांव, गोरा खान, विनोद महतो, सुपन राम, सूरज गिरि, छोटूराम, संजय महतो, इश्तियाक, कल्लू भारती, गुलाब खान, समीर अंसारी, अली इमाम, खालिद रजा, पंकज प्रकाश, साजिद अंसारी आदि उपस्थित थे।