सरकार स्कूलों को खोले शीघ्र नहीं तो करेंगे आंदोलन
झारखंड इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस के केंद्रीय पदाधिकारियों की आनलाइन बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्षा अविनाश कुमार वर्मा ने की।
झारखंड इंडिपेंडेंट स्कूल अलायंस के केंद्रीय पदाधिकारियों की आनलाइन बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष अविनाश कुमार वर्मा ने तथा संचालन वरीय उपाध्यक्ष प्रवीण दुबे ने किया। अलायंस से जुडे पदाधिकारियों ने सूबे मे कक्षा प्रथम से आठवीं तक की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी सरकार द्वारा किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कहा 14 सितंबर तक सरकार सभी कक्षाओं को खोलने का आदेश पारित करे। साथ ही, शर्तों में संशोधन कर मान्यता देने एवं कोरोना काल में हुई आर्थिक क्षति की भरपाई के लिए आपदा प्रबंधन से क्षतिपूर्ति देने का मार्ग प्रशस्त करे। यथासंभव निजी विद्यालयों के हितों की रक्षा के लिए आयोग का गठन किया जाए। उन्होंने सरकार को सुझाव देते हुए कहा कि वर्तमान में सरकार चाहे तो पड़ोसी राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी तीन वर्ष की प्रोविजनल मान्यता देकर राहत दे सकती है। सूबे के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि भगवान उन्हें जल्द स्वस्थ करें और गैर मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों से संबंधित हम सभी से किए गए वायदों को पूरा करें। ताकि झारखंड राज्य शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श राज्य के रूप में स्थापित हो सके। इधर, पदाधिकारियों ने उपर्युक्त मांगे ना पूरी होने की स्थिति में 15 सितंबर को जिला मुख्यालयों में उपवास करने, 20 सितंबर को सरकार का पुतला दहन करने एवं 25 सितंबर को राजभवन के समक्ष उपवास करने पर मंथन किया। वर्मा ने आंदोलन के पूर्व आज की बैठक में अनुपस्थित केंद्रीय पदाधिकारियों की भी सहमति के साथ जिला संगठनों से भरपूर सहयोग लेने पर बल दिया। आज की बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय अध्यक्ष अविनाश कुमार वर्मा (पलामू) महासचिव सर्वेश दुबे (बोकारो) वरीय उपाध्यक्ष प्रवीण दुबे (धनबाद) उपाध्यक्ष इला रानी पाठक (रामगढ़) मीडिया प्रभारी प्रभात कुमार रथ (रांची) उपाध्यक्ष दिनेश साहू (गिरिडीह) केंद्रीय प्रवक्ता मोहम्मद उस्मान (रांची) कोषाध्यक्ष जीवन कुमार (रामगढ) शामिल थे, अंत में धन्यवाद ज्ञापन महासचिव सर्वेश दुबे ने किया।