बिचौलिए चला रहे हेमंत सोरेन की सरकार
संवाद सहयोगी करगली (बेरमो) भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में हाल के दि
संवाद सहयोगी, करगली (बेरमो) : भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में हाल के दिनों में कई अधिकारियों का तबादला किया गया, फिर उसे रद कर दिया गया। यह प्रक्रिया दर्शाता है कि राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार को बिचौलिए चला रहे हैं। यह बातें उन्होंने बेरमो विधानसभा उपचुनाव के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के फुसरो स्थित प्रधान चुनाव कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार की रात करने के बाद कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के दस माह के कार्यकाल में हत्या, दुष्कर्म, लूट आदि की घटित घटनाओं ने सिद्ध कर दिया है कि झारखंड में आतंक की सरकार चल रही है। झारखंड के अबतक के सबसे कमजोर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि बेरमो में भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जिताएं तो हेमंत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा, केंद्र की जो योजनाएं झारखंड में चल रही हैं, उसमें वर्तमान राज्य सरकार लूट मचाने को तुली हुई है। अपनी कमजोरी का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ने का काम हेमंत सोरेन कर रहे हैं।
गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि बेरमो व दुमका उप चुनाव राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण है। वर्तमान राज्य सरकार को दस माह की विफलताओं का जवाब जनता देगी। मौके पर पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी, कांके के विधायक समरीलाल, बोकारो विधायक बिरंची नारायण, आजसू के केंद्रीय सचिव काशीनाथ सिंह, बेरमो प्रखंड प्रमुख गिरजा देवी, झामुमो उलगुलान के कृष्णा थापा, रंजीत महतो, भाजयुमो के किसलय तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के अनवर हयात सहित लक्ष्मण नायक, प्रकाश मिश्रा, भरत यादव, अर्जुन सिंह, रामकिकर पांडेय, भाई प्रमोद सिंह, अर्चना सिंह, दिनेश यादव, कमलेश ठाकुर, शंकर रजक, भरत वर्मा, वैभव चौरसिया, संतोष महतो, दीपक महतो, अभय विश्वकर्मा, रोहितलाल सिंह, डॉ. प्रहलाद बर्णवाल, विनोद महतो, जगरनाथ राम, कृष्ण कुमार, कमलेश महतो, अशोक मिश्रा आदि मौजूद थे।