विस्थापितों को नियोजन दिलाए हेमंत सरकार
संवाद सहयोगी बोकारो नियोजन-मुआवजा सहित 14 सूत्री मांगों के समर्थन में विस्थापित संयुक्त मोर्चा
संवाद सहयोगी, बोकारो : नियोजन-मुआवजा सहित 14 सूत्री मांगों के समर्थन में विस्थापित संयुक्त मोर्चा ने शनिवार को बीएसएल प्रशासनिक भवन के पास जन आक्रोश आंदोलन किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो ने कहा कि राज्य सरकार हस्तक्षेप कर विस्थापितों को नियोजन व मुआवजा दिलाने का काम करें। इसके बाद भी बीएसएल प्रबंधन विस्थापितों को नियोजन देने में आनाकानी करता है तो प्रशासनिक भवन के साथ-साथ पूरा प्लांट को घेरेंगे। पहले झारखंडियों की सरकार नहीं थी। अब झारखंड की हेमंत सोरेन विस्थापितों का नेतृत्व कर न्याय दिलाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीति किसान, मजदूर व विस्थापित विरोधी है। इसलिए सभी विस्थापितों को एकजुट होकर आंदोलन करने की जरूरत है। विस्थापित संगठनों को एक मंच में नहीं होने के कारण आज विस्थापित कमजोर है। इसलिए आंदोलन के माध्यम से अधिकार लेना होगा। कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष निवारण दिगार ने कहा कि प्रबंधन हमेशा से विस्थापितों को झूठे वादा कर ठगने का काम किया है, लेकिन इस बार विस्थापितों को ठगने नहीं दिया जाएगा। प्रबंधन को नियोजन देना होगा। इसके पूर्व मोर्चा ने नया मोड़ से प्रशासनिक भवन तक जुलूस का शक्ल में पहुंचा और प्रबंधन विरोधी आंदोलन के साथ विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर फूलचंद महतो, आमरेश कुमार, बुधन कुमार, संतोष कुमार, अमित दिगार, सुमित दिगार, डेगलाल कुमार, राम प्रसाद, नंदलाल महतो, कालीचरण सहित दर्जनों विस्थापित महिला-पुरूष उपस्थित थे।