नवपत्रिका पूजन के साथ खुला पट
जागरण संवाददाता बोकारो चास बड़ा दुर्गा मंदिर बड़कुल्ही और चेकपोस्ट मंदिर में बांग्ला विि
जागरण संवाददाता, बोकारो: चास बड़ा दुर्गा मंदिर, बड़कुल्ही और चेकपोस्ट मंदिर में बांग्ला विधि से माता दुर्गा की पूजा हुई। शुक्रवार को श्रद्धालु प्रात:काल भोलूर बांध तालाब के किनारे पहुंचे। यहां नवपत्रिका को तालाब के जल से स्नान कराया गया। श्रद्धालुओं ने कलश में तालाब का जल भरा। इसके बाद यहां से कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु मंदिर की ओर चले। कुछ श्रद्धालु दंडवत होकर माता दुर्गा के दरबार की ओर चल रहे थे। चास मेन रोड पुराना बाजार में श्रद्धालु अपने घर के द्वार के पास खड़े होकर शंखनाद कर रहे थे। वे माता दुर्गा का जयकारा लगा रहे थे। ---मंदिरों व पंडालों का खुला पट श्रद्धालु नवपत्रिका व कलश लेकर चास बड़ा दुर्गा मंदिर, बड़कुल्ही, चेकपोस्ट मंदिर पहुंचे। यहां कलश स्थापित किया गया। नव पत्रिका को पूरा के स्थान पर रख कर चंदन और फूल अर्पित किया गया। इसके बाद इसे भगवान गणेश के दाहिनी ओर रखा गया। बड़ा दुर्गा मंदिर के सेवादार दीपक डे व सिद्धार्थ कुमार डे ने कहा कि पूर्वजों ने चास बड़ा दुर्गा मंदिर की स्थापना की थी। यहां लगभग 250 वर्षाें से बांग्ला विधि विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। कहा कि नौ तरह की पत्तियों के गुच्छे से मिल कर नव पत्रिका बनाई जाती है। इन नौ पत्तियों को माता दुर्गा के नौ स्वरुप का प्रतीक माना जाता है। इसकी पूजा कर माता दुर्गा का आह्वान किया जाता है। मां दुर्गा अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। श्रद्धालुओं ने माता दुर्गा की आरती की। उन्होंने माता की आराधना की। इस दौरान वातावरण में भक्ति रस का समावेश हो गया।
योधाडीह मोड़ चास, जोड़ा मंदिर आदर्श नगर, राम नगर कालोनी चास में भी माता दुर्गा पूजनोत्सव का आयोजन किया गया है। मौके पर अश्विनी कुमार झा, अंबुज कुमार मिश्रा, सुशील कुमार झा, पंकज कुमार सिंह, देवेंद्र नाथ चौबे, श्रीकांत तिवारी, बलराम शर्मा, चंडी चरण झा, दीपक पाठक, आदित्य कुमार झा, राजा पंडित आदि उपस्थित थे।