विस्थापित गोलबंद होकर लड़ेंगे लड़ाई
संवाद सहयोगी करगली (बेरमो) कोल इंडिया प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ मंगलवार को करगली गे
संवाद सहयोगी, करगली (बेरमो) : कोल इंडिया प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ मंगलवार को करगली गेट के समीप विस्थापित संघर्ष समन्वय समिति की ओर से एकदिवसीय धरना दिया गया। इसके बाद कोल इंडिया प्रबंधन के नाम तीन सूत्री मांगपत्र सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र के एसओपी प्रतुल कुमार को सौंपा। इस दौरान सूबे के पूर्व ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो कहा कि विस्थापितों की परेशानी कम करने के लिए कई राजनीतिक दलों व समितियों ने आंदोलन किया। बावजूद इस समस्या के समाधान के प्रति कोल इंडिया प्रबंधन ने सकारात्मक पहल नहीं की है। अब सीसीएल क्षेत्र के विस्थापित गोलबंद होकर लड़ाई लड़ेंगे।
जेबीसीसीआइ सदस्य लखनलाल महतो ने कहा कि अन्य राज्यों में भी विस्थापित आंदोलनरत हैं। राज्य सरकार नीति बनाकर गरीब विस्थापितों को न्याय दिलाने का कार्य करे। बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं के प्रबंधन ने जबरन खदान चालू कराने का काम किया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विस्थापित नेता काशीनाथ सिंह ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन को जब माइंस विस्तारीकरण करना होता है, तब विस्थापितों को झूठा आश्वासन देकर जमीन अधिग्रहण करता है। विस्थापित अधिकार मांगते हैं तो उसे झूठे केस में फंसाकर जेल में डलवाने का काम किया जाता है। यहां काशीनाथ केवट, दिगंबर महतो, रंजीत महतो, विनोद महतो, सूरज महतो, कैलाश ठाकुर, संतोष महतो, दीपक महतो, इंद्रदेव महतो, नरेश महतो, सुरेश महतो, बालेश्वर गोप, नसीरुद्दीन अशरफी, दिलीप महतो, पंचानन मंडल, ईश्वर प्रजापति आदि थे।