झारखंड गठन में पार्वती चरण की अहम थी भूमिका
स्व पार्वती चरण महतो की झारखंड राज्य के गठन में अहम भूमिका थी। उन्होंने झारखंड की संस्कृति को बचाए रखने की दिशा में जीवनपर्यत प्रयास किया।
संवाद सहयोगी, बरमसिया: स्व पार्वती चरण महतो की झारखंड राज्य के गठन में अहम भूमिका थी। उन्होंने झारखंड की संस्कृति को बचाए रखने की दिशा में जीवनपर्यत प्रयास किया। आज के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उक्त बातें चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी ने चंदनकियारी प्रखंड के फुसरो पंचायत के बाटबोआ में बुधवार को पार्वती चरण महतो की पुण्यतिथि पर आयोजित स्मृति मेले में कहीं।
विधायक ने कहा कि चंदनकियारी की जनता ने जिस विश्वास से उन्हें प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास को टूटने नहीं दिया जाएगा। मांडू विधायक जेपी भाई पटेल ने कहा कि पार्वती चरण महतो ने समाज में अपनी एक छाप छोड़ी है। मंच से उन्होंने महागठबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की। सिदरी विधायक इंद्रजीत महतो ने कहा पार्वती चरण महतो विचारक थे। उनके विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है।
जिप अध्यक्ष सुषमा देवी ने कहा कि महतो ने हमेशा गरीबों का सहयोग किया। ऐसे व्यक्ति को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया विभाष महतो व संचालन सुभाष महतो ने किया। मौके पर जिप सदस्य शास्वती देवी, राजारंजन सहिस, सोनम दुबे, जयदेव राय, नारायण साव, गुणाधर सिंह चौधरी, मंटु महतो, हरेंद्र नाथ माहथा, अमरेश सिंह आदि उपस्थित थे।