हेमंत सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं
जागरण संवाददाता बोकारो झूठ बोलकर सत्ता में आने वाली हेमंत सरकार राज्य में बहन-बेटिय
जागरण संवाददाता, बोकारो : झूठ बोलकर सत्ता में आने वाली हेमंत सरकार राज्य में बहन-बेटियों की भी रक्षा नहीं कर पा रही है। आदिवासियों के हितैषी होने का दंभ भरने वाली सरकार के राज में एक वर्ष में 500 आदिवासी बहनों की अस्मत लूटी गई है। जबकि एक साल में कुछ दुष्कर्म के कुल 1700 मामले सामने आए है। अब तक 20 वर्ष के झारखंड में ऐसा नहीं हुआ है। नारी सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है इस अन्याय के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष करें। यह कहना है भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी का। वह सेक्टर-दो स्थित अंबे गार्डन में जिला कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे।
बाबूलाल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पारित तीनों कृषि बिल किसान हित में है। कांग्रेस तथा महागठबंधन किसानों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। केंद्र सरकार का बिल लागू होने से किसान अपने इच्छा के अनुरूप ऊंचे भाव में अपने उत्पादित फसलों को कहीं भी बेच सकेंगे। मुख्यमंत्री कोषागार खाली होने की बात करते हैं। कोषागार में खजाना कहां से आएगा, खनिज संपदाओं को लीज और ऑक्शन के बजाए अवैध तरीके से खनिजों का दोहन कर अपने तथा अपनी पार्टी के लोगों की जेब भर रहे हैं। उन्हें राज्य का खजाना भरने की चिता नहीं है। कहा कि मुझे विपक्ष का नेता का सर्टिफिकेट लेने के लिए आंदोलन तथा प्रयास करने की जरूरत नहीं है। हमारा एकमात्र प्रयास है कि आने वाले समय में भाजपा की सरकार होगी। इसी प्रयास को लेकर काम कर रहे हैं। पुलिस विभाग के पदाधिकारियों के पहले तबादले हो रहे है, फिर रद हो जा रहा है। पुलिस पदाधिकारियों के तबादले के नियम होते हैं जो इन दिनों ताक पर है। तबादलों में मुख्यमंत्री की नहीं चल रही है। राज्य भ्रष्टाचार, लूट, हत्या जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं। यहां लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भरत यादव ने की तथा संचालन जिला महामंत्री संजय त्यागी ने किया।