शिक्षा मंत्री की संभली स्थिति, मात्र दस फीसद दिया जा रहा ऑक्सीजन
चेन्नई स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाजरत सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की स्थिति अब काफी संभल गई है। उन्हें अब मात्र दस फीसद ऑक्सीजन दिया जा रहा है। गुरुवार को भी शिक्षा मंत्री ने अपने पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू से इशारों में बात की। हालांकि अब वे बोलने की स्थिति में हैं लेकिन डॉक्टरों की सलाह है कि उन्हें अभी बोलना नहीं है। यह जानकारी चेन्नई में देखभाल कर रहे उनके पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू ने गुरुवार को फोन से दी।
संवाद सहयोगी, भंडारीदह (बेरमो) : चेन्नई स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाजरत सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की स्थिति अब काफी संभल गई है। उन्हें अब मात्र दस फीसद ऑक्सीजन दिया जा रहा है। गुरुवार को भी शिक्षा मंत्री ने अपने पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू से इशारों में बात की। हालांकि अब वे बोलने की स्थिति में हैं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह है कि उन्हें अभी बोलना नहीं है। यह जानकारी चेन्नई में देखभाल कर रहे उनके पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू ने गुरुवार को फोन से दी। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले 100 प्रतिशत ऑक्सीजन दिया जा रहा था। रांची स्थित मेडिका अस्पताल में भी उन्हें 100 प्रतिशत हाई फ्लो ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। यहां तक कि मेडिका व रिम्स के डॉक्टरों को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर सपोर्ट तक देना पड़ा था। वहीं, एमजीएम के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम अब उन्हें वेंटिलेटर से हटाकर एमको मशीन सपोर्ट में रखकर इलाज कर रही है। उनकी सेहत में सुधार दिखने लगा है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सभी ऑर्गन सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। उनके फेफड़ा को रेस्ट देकर रिकवरी के लिए आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं। बीते 28 सितंबर को शिक्षा मंत्री को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर रांची स्थित रिम्स व बाद में मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें एयर एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल चेन्नई ले जाया गया।
पत्नी बेबी देवी कर रहीं पूरी तरह स्वस्थ होने की प्रार्थना
संस, भंडारीदह (बेरमो) : चेन्नई स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाजरत सूबे के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के पूरी तरह स्वस्थ होने की प्रार्थना उनकी पत्नी बेबी देवी अपने गांव अलारगो में कर रही हैं। उनके पति जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें, इसके लिए वे सुबह-सुबह स्नान कर विभिन्न मंदिरों में भगवान से याचना करती हैं। साथ ही पूजा मंडप जाकर मां दुर्गा से फरियाद भी कर रही हैं। गुरुवार को शिक्षा मंत्री की पत्नी ने चिरुडीह के गिरिटोला स्थित दुर्गा मंडप, फुलवारी ग्राम स्थित शिव मंदिर, तेलो के दामोदर तट स्थित महादेवगढ़ा मंदिर एवं कंचनपुर स्थित दुर्गा मंदिर जाकर अपने पति के स्वस्थ होने की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।