समय प्रबंधन के अनुरूप काम करने से मिलेगी सफलता
श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल में शनिवार को ब्लेसिग सेरेमनी का आयोजन किया गया। प्राचार्य लता मोहनन ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा का स्वरूप बदल रहा है। विद्यार्थियों के समक्ष कई चुनौतियां हैं।
जागरण संवाददाता, बोकारो: श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल में शनिवार को ब्लेसिग सेरेमनी का आयोजन किया गया। प्राचार्य लता मोहनन ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा का स्वरूप बदल रहा है। विद्यार्थियों के समक्ष कई चुनौतियां हैं। इसलिए विद्यालय में इन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाता है। साथ ही इन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। कहा कि विद्यार्थियों को समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। इसका मोल समझना चाहिए। समय प्रबंधन के अनुरूप काम करना चाहिए। सतत अभ्यास व कड़ी मेहनत करनी चाहिए, तभी सफलता हाथ लगेगी।
निदेशक डॉ एसएस महापात्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का लाभ उठाना चाहिए। माता-पिता व शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। पूर्व कैप्टन क्षितिज कुमार व गरिमा ने स्कूल में बिताए हुए दिनों को याद किया। विद्यार्थियों ने नृत्य व गीत पेश कर समां बांध दिया। इस दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन सतीश नायर व बोर्ड के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर उप प्रबंधक के वासुदेवन के अलावा शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे।