बेरमो उपचुनाव किसान-मजदूर के लिए महत्वपूर्ण
संवाद सहयोगी बोकारो भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) बोकारो जिला सचिव मंडल की बैठक
संवाद सहयोगी, बोकारो : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) बोकारो जिला सचिव मंडल की बैठक भागीरथ शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान राज्य सचिव मंडल सदस्य रामचन्द्र ठाकुर भी उपस्थित थे। सचिव बीडी प्रसाद ने कहा कि बेरमो विधानसभा उपचुनाव मजदूरों, किसानो, छात्रो, नौजवानों और आम जनता के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। केन्द्र की भाजपा सरकार संसदीय मर्यादा का उल्लंघन करते हुए विपक्ष की अनुपस्थिति में कॉरपोरेट घरानों के पक्ष में मजदूर और किसान विरोधी विधेयक को पास कर मजदूरों-किसानों के हक -अधिकारों पर हमला किया है। बेरोजगारी व महंगाई चरम पर पहुंचा दिया है। महिलाओं, दलितों, शोषितों पर रोज अत्याचार बढ़ रहा है। सरकारी कल-कारखानों, कोयला खदानों आदि को निजी पूंजीपतियों को केंद्र की भाजपा सरकार बेच रही है। इसलिए 3 नवम्बर को होने वाले बेरमो विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा को हराने के लिए महागठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन करने का निर्णय लिया है। मौके पर श्याम सुंदर महतो, पीके विश्वास, श्याम बिहारी सिंह दिनकर, राजकुमार गोराई, शकुर अंसारी आदि उपस्थित थे।