अभाविप कार्यकर्ताओं ने किया मतदाताओं को जागरूक
जासं बेरमो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनपति देवी
जासं, बेरमो : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो में मतदाताओं को जागरूक किया। विभाग संयोजक विवेक पाठक ने कहा कि बेरमो विधानसभा के उपचुनाव के लिए मतदान तीन नवंबर को होगा। सभी मतदाता अपने वोट का महत्व समझते हुए उस दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करें। बेरमो विधानसभा क्षेत्र में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य अतिथि झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री एकलव्य शुक्ला ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव मताधिकार के बल पर ही रखी जा सकती है। इसलिए लोकतंत्र की मजबूती के लिए सौ फीसद मतदान जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत में 18 वर्ष से अधिक आयु के हर नागरिक को वोट देने का अधिकार है। अपने वोट से मतदाता मनपसंद प्रत्याशी को चयन कर सकते हैं। कहा कि हमारे देश में युवा सबसे अधिक है। लोकतंत्र की मजबूती में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एबीवीपी लगातार प्रयासरत है। पूर्व जिला संयोजक भरत वर्मा ने कहा कि एबीवीपी के कार्यकर्ता शहर से लेकर गांवों का दौरा कर लोगों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने का काम कर रहे हैं, ताकि शत-प्रतिशत मतदान हो सके।
मौके पर एबीवीपी के जिला संयोजक नवीन महतो सहित सत्य मिश्रा, आजाद कुमार, रानी कुमारी, शुभम उपाध्याय, संदीप सिंह, अंकू कुमार, राहुल जायसवाल, नवनीत सिन्हा, अभिमन्यु पासवान, अभि सिंह, रवि कुमार, मुकेश सिंह, समीर गिरि आदि मौजूद थे।