ठंड बढ़ने के बाद भी वैष्णो देवी यात्रियों में उत्साह बरकरार
संवाद सहयोगी कटड़ा बदले मौसम के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह से सुचारु है।
संवाद सहयोगी, कटड़ा : बदले मौसम के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह से सुचारु है। शुक्रवार को दिनभर आसमान पर बादलों का जमघट लगा रहा और बर्फीली हवाएं लगातार चलती रहीं। तापमान में आई गिरावट के चलते श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर भवन की ओर बढ़ते रहे।
दूसरी ओर श्रद्धालुओं को वर्तमान में आधार शिविर कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा के साथ वैष्णो देवी मार्ग पर चलने वाली बैटरी कार सेवा और भवन व भैरव घाटी के मध्य चलने वाली पैसेंजर केबल कार सेवा आम दिनों की तरह सुचारु रही। इन सभी सेवाओं का श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ उठाया। बीते वीरवार को 27,000 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, शुक्रवार को दिन मे 3:30 बजे तक करीब 14,000 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाकर वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे।