थकान की नहीं परवाह, आगे की करेंगे तैयारी
जागरण संवाददाता ऊधमपुर वीरवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी राजनीतिक दलों के
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर: वीरवार को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं को थोड़ी राहत मिली। इसके बाद नेताओं ने वीरवार को पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर मतदाताओं के साथ उत्साही कार्यकर्ताओं को बंपर मतदान के लिए बधाई दी। लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा नेताओं ने लेह चुनाव प्रचार के लिए कमर कसी है। वहीं अन्य पार्टियों के नेताओं ने विधानसभा चुनावों में जीत के लिए अपनी जमीन मजबूत करने के काम जुट जाएंगे।
लोकसभा चुनावों के लिए पिछले कई हफ्तों से प्रचार में जुटे भाजपा, कांग्रेस, पैंथर्स आदि दलों के नेता पिछले करीब एक माह से चुनाव प्रचार में जुटे थे। पिछले एक हफ्ते से तो नेता और कार्यकर्ता ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार में जुटे थे। दिन और रात में कोई फर्क नहीं था। हर समय चुनाव प्रचार या उसकी तैयारियों में व्यस्त नेताओं के पास दूसरों से तो क्या अपनी परिजनों से बात तक करने का समय नहीं निकल रहा था।
वीरवार को मतदान प्रक्रिया के चलते भी सुबह से बूथों पर नेता और कार्यकर्ता अधिक से अधिक मतदान अपने पक्ष में कराने के लिए जीतोड़ मेहनत करते नजर आए। शाम को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी को थोड़ी राहत मिली। मगर यह अधिक देर के लिए नहीं है।
भाजपा नेता पवन खजूरिया ने बताया कि ऊधमपुर लोकसभा सीट के लिए मतदान पूरा होने के बाद अब भाजपा लेह में चुनाव प्रचार में लग जाएगी। पार्टी की ओर से उनको और जिला के अन्य नेताओं को जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसके मुताबिक नेता और कार्यकर्ता काम करेंगे। कुछ दिन थोड़ी राहत के रहेंगे, मगर इसमें भी सीट पर हुए मतदान को लेकर मंथन व विस चुनावों के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने का काम शुरु कर दिया जाएगा। पैंथर्स प्रदेश अध्यक्ष बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि लोकसभा चुनावों की भागदौड़ बेशक थकाने वाली थी। मगर पैंथर्स नेता व कार्यकर्ता लोगों के बीच बिना रुके लगातार जाएंगे। अब विस चुनावों के लिए काम शुरु कर दिया जाएगा। कांग्रेसे के जिला कार्यकारी प्रधान अशिविनी खजूरिया ने कहा कि लोक सभा चुनावों की प्रक्रिया थका देने वाली थी। एक आध दिन आराम कर कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता आगे की तैयारी में लग जाएंगे।