यात्री वाहन खाई में गिरने से दो की मौत, 14 घायल
संवाद सहयोगी किश्तवाड़ सरथल के बागरां गांव से किश्तवाड़ के लिए आ रहा क्रूजर यात्री वा
संवाद सहयोगी, किश्तवाड़ : सरथल के बागरां गांव से किश्तवाड़ के लिए आ रहा क्रूजर यात्री वाहन बागरा से चार किमी दूर सड़क से नीचे खाई में गिर गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 14 यात्री घायल हो गए। सात घायलों को गंभीर हालत में हेलीकॉप्टर से जीएमसी अस्पताल जम्मू पहुंचाया गया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल किश्तवाड़ में चल रहा। हादसे का कारण ओवरलोडिंग बताई जा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त चालक नहीं, बल्कि एक अन्य युवक वाहन चला रहा था। हादसा शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक क्रूजर यात्री वाहन नंबर जेके17-7075 बागरां से किश्तवाड़ की तरफ आ रहा था। इस यात्री वाहन में क्षमता से कहीं ज्यादा 25 के करीब यात्रियों को लादा गया था, जबकि इसमें चालक सहित 15 लोग ही बैठ सकते हैं। कच्ची सड़क होने की वजह से ओवरलोड वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। वाहन खाई में गिरने से पहले वाहन के बाहर लटके व छत पर बैठे यात्रियों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। मगर वाहन के अंदर सवार यात्रियों को बचने का कोई मौका नहीं मिला। वाहन खाई में गिरते ही स्थानीय लोग मदद के लिए वहां पहुंचे। राहत और बचाव अभियान चला कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। मगर एक महिला यात्री कमलेश कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। लोगों ने अन्य घायलों को बाहर निकाल कर दूसरे वाहनों की मदद से किश्तवाड़ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उनका उपचार किया गया। इलाज के दौरान हादसे में गंभीर रूप से एक अन्य घायल प्रदीप कुमार ने जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए सात और लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उनको प्राथमिक उपचार देने के बाद हेलीकॉप्टर से सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू पहुंचाया गया। शेष घायलों का उपचार जिला अस्पताल किश्तवाड़ में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही किश्तवाड़ के पूर्व विधायक सुनील शर्मा, डीसी किश्तवाड़ अंग्रेज सिंह राणा, एसएसपी डॉ. हरमीत सिंह मेहता ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना। पुलिस व यातायात विभाग के खिलाफ लोगों में रोष
किश्तवाड़ सड़क हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में परिवहन विभाग, पुलिस और यातायात पुलिस के खिलाफ रोष देखने को मिला। लोगों ने कहा कि आए दिन यह तीनों विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल शहर में दोपहिया वाहनों के हेलमेट और चार पहिया वाहनों के सीट बेल्ट न पहने के लिए चालान कर रहे हैं। मगर शहर के बाहर चालकों की मनमानी से हो रही ओवरलोडिग को लेकर तीनों विभागों में से कोई भी गंभीर नहीं है। शहर की सीमा से बाहर वाहन चालक क्या कर रहे हैं, इसकी न तो इन विभागों को कोई खबर है, न ही कोई चिता। सुबह के समय जितने भी यात्री वाहन गांव से चलते हैं, सभी ओवरलोड होते हैं। कहा जा रहा है कि हादसे के वक्त यात्रियों से भरे क्रूजर वाहन को चालक ने एक 20-21 साल के युवक के हाथ सौप रखा था, जिससे हादसा हुआ है। लोगों ने परिवहन विभाग से इसकी जांच कर वाहन चालक का लाइसेंस हमेशा के लिए रद करने की मांग की। हादसे में घायलों के नाम
शीतल देवी पुत्री रमेश कुमार (जम्मू रेफर)
मीर अली पुत्र बाजी
अरुण कुमार पुत्र वीर सिह (जम्मू रेफर)
सुरेश कुमार पुत्र मुंशीराम
अब्दुल रशीद पुत्र मीर हुसैन (जम्मू रेफर)
ममता देवी पत्नी राजकुमार (जम्मू रेफर)
सुमन पुत्री वीर सिंह
अर्जुन पुत्र कृष्ण लाल
मीर अहमद पुत्र दित्ता
दित्ता पुत्र तालिब हुसैन
सुषमा देवी पत्नी राजेंद्र कुमार (जम्मू रेफर)
नीमा पत्नी राजेंद्र कुमार
चैंशां देवी पत्नी सुरजीत कुमार (जम्मू रेफर)
सूरज पुत्र सुरजीत कुमार (जम्मू रेफर) सभी निवासी बागरां सरथल मृतकों के नाम
प्रदीप कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार
कमलेश कुमार पुत्र धर्म सिंह दोनों निवासी बागरां सरथल