लोगों ने तुलसी माता की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि
जागरण संवाददाता ऊधमपुर शुक्रवार को ऊधमपुर में देवउठनी एकादशी को पारंपरिक रीति
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : शुक्रवार को ऊधमपुर में देवउठनी एकादशी को पारंपरिक रीति रिवाजों और श्रद्धा भाव से मनाया गया। महिलाओं ने घरों में मां तुलसी के पौधे का श्रृंगार व पूजन कर तुलसी मैया के आगे दीपक जलाए। इस अवसर पर कई लोगों ने घरों में विशेष पूजन व अनुष्ठान भी करवाए।
देवउठनी एकादशी पर तुलसी पूजन को लेकर बाजार में पिछले कुछ दिनों से गन्ने नजर आने लगे थे। वीरवार को दिनभर बारिश रहने की वजह से तुलसी पर्व को लेकर कोई खरीदारी नहीं हुई। शुक्रवार को मौसम साफ होने पर लोगों ने तुलसी पूजन के लिए गन्ने, मूली व अन्य चीजों के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी की। लोगों ने इस दिन एकादशी का व्रत भी रखा।
जिन लोगों ने घरों में तुलसी के पौधे लगाए हैं, वे लोग अपने घरों में बने तुलसी के स्थान पर साफ-सफाई और पोताई कर उसे सुंदर तरीके से सजाने में लगे रहे। तुलसी के स्थान पर सुंदर रंगोलियां भी बनाई गई। संध्या होने पर महिलाएं तुलसी पूजन के लिए एकत्रित हुई। उन्होंने तुलसी मैया को चुनरी, नारियल, कलीरे, सुहागी, चूड़ियां, गन्ने और मूली सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। सूर्यास्त के बाद लोगों ने तुलसी के आगे दीप जला परिक्रमा करने के बाद विधिवत पूजन कर तुलसी मईया से अपनी और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजन करने आई संतोष कुमारी, शकुंतला देवी, बीना देवी, पूर्णिमा देवी, शांति गुप्ता, बिदू शर्मा, पूनम लता, सीमा रानी सहित अन्य ने कहा कि मां तुलसी का सबसे बड़ा गुण शुद्धता है। तुलसी अपने आसपास के वातावरण शुद्ध बनाती हैं। यह सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर वास्तु दोषों को भी दूर करती हैं। तुलसी पूजा करने से मां लक्ष्मी भी प्रसन्न होती हैं। तुलसी को रोज जल अर्पित करने और सूर्यास्त के बाद तुलसी के पास दीपक जलाने से सर्व मनोरथ सिद्ध होते हैं और सुख-समृद्धि आती है।