सराजदीन की हत्या हुई थी निर्मम हत्या
अरनास पुलिस ने एक हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, रियासी : अरनास पुलिस ने एक हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने काफी बेरहमी से डुबरी निवासी 35 वर्षीय सराजदीन की हत्या कर उसका शव अंस नदी में फेंक दिया था।
22 जून को अरनास के अंस नदी में सराजदीन का शव मिला था। उसके सिर और शरीर पर गहरे घाव थे। मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई थी। पुलिस को अपने स्त्रोत से मिली अहम जानकारी मिली। उसके आधार पर पुलिस ने चकलवाला के अल्ताफ हुसैन और ग्राम सुरक्षा समिति सदस्य रमेश सिंह को हिरासत में लेकर जब कड़ी पूछताछ की तो सराजदीन की संदिग्ध मौत के रहस्य से पर्दा उठ गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले चकलवाला से एक लड़की किसी के साथ अपने घर से चली गई थी। लड़की के चचेरे भाई अल्ताफ हुसैन को यह शक था कि लड़की को घर से भगाने में सराजदीन ने उनकी मदद की थी। जिस पर अल्ताफ हुसैन सराजदीन से खुन्नस खाए था। मौका देख कर 22 जून को माहौर के गंजोट इलाके में अल्ताफ हुसैन और रमेश सिंह ने मिलकर सराजदीन को एक जगह घेर लिया। वे उसे पहाड़ी के एक ऊंचे स्थान पर ले गए और फिर वहां से उसे धक्का देकर नीचे खाई में फेंक दिया। उसके बाद आरोपी खाई में सराजदीन की हालत का जायजा लेने उतरे तो उन्होंने पाया कि गंभीर रूप से घायल हो चुका सराजदीन अभी जीवित है। जिस पर आरोपित उसे घसीटते हुए अंस नदी के तट पर ले गए और वहां पत्थरों के साथ उसके सिर पर कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। उसके बाद उसका शव अंस नदी में बहा दिया। मौके पर खून के धब्बे साफ कर आरोपी वहां से निकल गए। उधर शव बहते हुए अरनास इलाके में पहुंच गया और पुलिस ने उसे बदामद किया। पुलिस ने दावा किया कि यह सूचना मिली थी कि घटना वाले दिन दोनों आरोपी सराजदीन का पीछा करते देखे गए थे। इसी आधार पर 6 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा कर दोनों आरोपी सलाखों के पीछे कर दिए गए।