रात को बारिश ने दी राहत, दिन में छूटा पसीना
प्री-मॉनसून की बारिश ने रात भर मौसम को सुहाना तो किया मगर दिन में बादलों के बीच से निकलती रही धूप ने उमस भरी गर्मी बढ़ा दी। वीरवार को उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : प्री-मॉनसून की बारिश ने रात भर मौसम को सुहाना तो किया, मगर दिन में बादलों के बीच से निकलती रही धूप ने उमस भरी गर्मी बढ़ा दी। वीरवार को उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे।
कुछ दिन से लगातार पड़ रही गर्मी के बाद अचानक बिना बारिश हुए हवा में नमी बढ़ गई थी। जिससे दिन के समय उमस भरी गर्मी पसीने छुड़ा कर सबको बेहाल कर रही थी। कुछ दिन पहले भी रात को बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। मगर अगले दिन फिर धूप निकलने से उमस भरी गर्मी ने बेहाल करना शुरू कर दिया। बुधवार को भी आसमान पर बादल छाए, लेकिन इसके बावजूद अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मगर देर रात को अचानक आसमान से बारिश होने लगी और और रात से लेकर सुबह तक रुक-रुक कर 3.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।
वीरवार की सुबह भी आसमान में बादल तो छाए रहे, लेकिन बीच बीच में धूप निकलने से तापमान और उमस बढ़ती गई। मौसम विभाग ने वीरवार को इलाके का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून 25 जून से शुरु हो रहा है, लेकिन ऊधमपुर में यह जुलाई के पहले सप्ताह में पहुंचेगा। मगर मॉनसून से पूर्व होने वाली प्री मानसन शावर होते रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मौसम ऐसा ही बना रहेगा।