मैदानों में दिन भर बारिश, पहाड़ों पर फिर बिछी बर्फ की नई चादर
जागरण संवाददाता ऊधमपुर मौसम का मिजाज बदलने के साथ जिले के पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चाद
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : मौसम का मिजाज बदलने के साथ जिले के पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। मैदानों में दिन भर बारिश हुई। जिले के पंचैरी, चिनैनी, लाटी, डुडु बसंतगढ़ के ऊपरी पहाड़ी इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर हिमपात होता रहा। लोक प्रिय पर्यटन स्थल पत्नीटाप और नत्थाटाप में भी अच्छा हिमपात हुआ। शनिवार होने के चलते स्थानीय लोग बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पत्नीटाप पहुंचे। ।
जिले के लाटी, पंचैरी, डुडु, बसंतगढ़ में आधा फीट तक हिमपात हुआ। शिवगढ़ धार, शिव गली, सहित अन्य ऊपरी पहाड़ों पर तो डेढ़ से दो फीट तक ताजा बर्फबारी हुई है। नत्थाटाप में भी डेढ़ फीट के करीब ताजा बर्फ गिरी है। किश्तवाड़ शहर में आधा फीट हिमपात, कई सड़कें बंद
संवाद सहयोगी, किश्तवाड़ : हिमपात के कारण इलाके में कई सड़कें बंद हो गई हैं। किश्तवाड़ तथा उसके आसपास के इलाके में शनिवार सुबह बूंदाबांदी शुरू हुई और पहाड़ों पर हिमपात। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और शहर के अंदर शाम तक आधा फीट तक हिमपात हुआ। यह शाम तक चलता रहा। इससे पूरे इलाके में सफेदी सी छा गई है। हिमपात से बाजार में भी वाहनों के चलने में परेशानी आ रही थी। सड़क पर फिसलन हो गई है। किश्तवाड़-गुलाबगढ़, किश्तवाड़-छात्रु,सरथल, सहित कई सड़कें बंद हैं। हालांकि किश्तवाड़-बटोत मार्ग पर वाहन चलते रहे। किश्तवाड़ शहर के अंदर आधा फीट के करीब बर्फ जम गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी हिमपात जारी रहेगा। इस दौरान बिजली आपूर्ति भी लड़खड़ा गई है। ठंड की वजह से लोड भी बढ़ जाता है, जिसके चलते बिजली टिक नहीं पा रही थी।