ओमला जाने का शार्टकट रास्ता बंद होने पर भड़के
ऊधमपुर में जखैनी से ओमाला जाने का शार्टकाट रास्ता बंद होने से नाराज स्थानीय लोगों ने नेशनल कांफ्रेंस के नेतृत्व में वीरवार को नेशनल हाईवे अथारिटी के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने शार्ट कट रास्ता बहाल करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मांग पूरी न होने पर वे उग्र आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर :
जखैनी से ओमाला जाने का शार्टकाट रास्ता बंद होने से नाराज स्थानीय लोगों ने नेशनल कांफ्रेंस के नेतृत्व में वीरवार को नेशनल हाईवे अथारिटी के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने शार्ट कट रास्ता बहाल करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मांग पूरी न होने पर वे उग्र आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे।
जखैनी तथा ओमाला के लोग सुबह जखैनी में एकत्र हुए। यहां पर उन्होंने नेकां के वरिष्ठ नेता गोविद राम के नेतृत्व में नेशनल हाईवे अथारिटी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे अथारिटी के खिलाफ नारेबाजी की। इस अवसर पर गोविद राम ने बताया कि पहले जखैनी चौक से सीधे ही ओमाला जाने का मार्ग था। मगर यातायात पुलिस और नेशनल हाईवे अथारिटी की मिलीभगत से इस जगह पर क्रैश बैरियर लगा कर इस शार्टकट मार्ग को बंद कर दिया गया।
शार्टकट बंद होने की वजह से अब लोगों को ओमाला जाने के लिए जखैनी चौक से करीब एक किलोमीटर घूम कर वापस जखैनी चौक पर बैरीकेड के पार उस जगह पर पहुंचना पड़ता है। जहां पहले चंद फीट दूरी तय कर पहुंच जाते थे। इस वजह से लोगों को काफी परेशानी होती है। खास तौर पर बीमार और स्कूली बच्चों व सरकारी कर्मचारियों को। क्योंकि इन लोगों को काफी पैदल चल कर जखैनी में उस जगह पर पहुंचना पड़ता है, जहां से मेटाडोर मिलती है।
उन्होंने नेशनल हाईवे अथारिटी के साथ प्रशानिक अधिकारियों से क्रैश बैरियर को काट कर लोगों के पैदल गुजरने लायक रास्ता बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने इस जगह पर ट्रकों के कारण लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में रानो देवी, मक्खना देवी , निशा देवी, शीला देवी, सुनीता देवी, गुलजार शाह, सहित अन्य लोग शामिल थे।