शोभायात्रा निकाल गणेश प्रतिमा का हुआ विसर्जन
संवाद सहयोगी ऊधमपुर ऊधमपुर शहर गणेश महोत्सव के रंग में रंगा हुआ है। मंदिरों अ
संवाद सहयोगी, ऊधमपुर : ऊधमपुर शहर गणेश महोत्सव के रंग में रंगा हुआ है। मंदिरों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पंडाल सजे हुए हैं। बुधवार को श्री गोवर्धन पैलेस में स्थापित बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन ऊधमपुर के पैड़ देवता स्थान के पास किया गया।
इससे पहले श्री सिद्धि विनायक महोत्सव संस्थान ऊधमपुर की ओर से विसर्जन से पहले हवन और पूजा-अर्चना के साथ कंजक और ब्राह्माणों की भी पूजा की गई। इसके बाद बप्पा को भोग लगाया गया और भंडारे का आयोजन किया गया। शाम करीब 4 बजे बैंडबाजे के साथ बप्पा की सवारी पैलेस से निकाली गई, जो कि धार रोड से होते हुए वीनस चौक, कल्लर, मियां बाग, एयर फोर्स रोड से होते हुए बाबा पैड पहुंची। जहां पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पहले रिद्धि व सिद्धि की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। जिसके बाद गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष के बीच भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन किया गया। इस मौके पर शोभायात्रा में गए भक्तों ने गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष के साथ गणेश महोत्सव का समापन किया।
इस मौके पर श्री सिद्धि विनायक महोत्सव संस्थान ऊधमपुर के पदाधिकारी व सदस्य काफी संख्या में मौजूद थे। वहीं, शहर के लंबी गली स्थित गणेश मंदिर में आयोजित गणेश महोत्सव यज्ञ में बप्पा की आरती उतारी गई। जिसके बाद मंदिर परिसर से भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन करने के लिए शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस मौके पर श्री सिद्धि विनायक डांस क्लब के बच्चों ने शहर के चौक-चौराहों पर धार्मिक नृत्य करके सबका दिल जीत लिया। शोभायात्रा के दौरान चल रहे भक्त पूरे रास्ते में गुलाल उड़ते चल रहे थे। शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।