रामबन में कार खाई में गिरी, चार घायल
जागरण संवाददाता ऊधमपुर रामबन जिला व थाना में पड़ते सेरी सेंचा मार्ग पर स्थित मियां इलाके म
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : रामबन जिला व थाना में पड़ते सेरी सेंचा मार्ग पर स्थित मियां इलाके में एक अनियंत्रित कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रामबन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीरवार देर शाम आल्टो कार नंबर जेके19-5423 सेरी सेंचा मार्ग से गुजर रही थी। मियां इलाके से गुजरते समय कार चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। नतीजतन कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। हादसे के फौरन बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन में सवार घायल हुए लोगों को खाई से बाहर निकाल कर रामबन जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू रेफर कर दिया गया। वहां पर घायलों का अभी भी उपचार जारी है।
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान बादल सिंह पुत्र दौलत सिंह निवासी थलीबास, सचिन सिंह पुत्र कृष्ण सिंह निवासी थलीबास, सौरभ सिंह कटोच पुत्र नीटू सिंह कटोच निवासी रामबन और मनु सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी बटोत के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।