चीन निर्मित खिलौने व सामान जला कर किया प्रदर्शन
श्री राम सेवा समिति ऊधमपुर की ओर से वीरवार को ऊधमपुर के सलाथिया चौक पर चीन के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : श्री राम सेवा समिति ऊधमपुर की ओर से वीरवार को ऊधमपुर के सलाथिया चौक पर चीन के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने चीन निर्मित खिलौने और सामान जला कर सभी लोगों से चीन निर्मित सामान का बहिष्कार करने की अपील की।
समिति के अध्यक्ष छोटू मगोत्रा के नेतृत्व में समिति के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सलाथिया चौक पर चीन निर्मित खिलौने और सामान को जलाया। इस अवसर पर उन्होंने चीन के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चीन हर बार पीठ पीछे वार करता है।
उन्होंने कहा कि हाल ही गलवन में हुए संघर्ष में भारतीय जवानों ने जान देकर निहत्थे ही चीन को धूल चटा दी। इसके बाद से चीन लगातार बैठकों में पीछे हटने की सहमती जता कर अपने वादे से मुकर रहा है। सैन्य तैयारियां कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश और देश की सेना चीन से निपटने में सक्षम है और इसके लिए हर कदम उठा रही है।
मगर चीन को सबक सिखाने के लिए देशवासियों को भी एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि भारत चीन के लिए बड़ा बाजार है। इसलिए यदि देशवासी मिल कर चीन निर्मित चीजों का प्रयोग पूरी तरह से बंद कर दें तो इससे चीन की अर्थव्यवस्था को बड़ी चोट देकर चीन को घुटने टेकने पर मजबूर किया जा सकता है। उन्होंने सभी देशवासियों से चीन निर्मित कोई भी उत्पाद को न खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा देशवासियों के चीन के सामान बहिष्कार करना गलवन के बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।