मास्क, सैनिटाइजर बांट कर मनाया परशुराम जन्मोत्सव
जागरण संवाददाता ऊधमपुर कारगिल हनुमान मंदिर के पास भगवान श्री परशुराम की विशाल प्रतिमा
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : कारगिल हनुमान मंदिर के पास भगवान श्री परशुराम की विशाल प्रतिमा के पास शुक्रवार को परशुराम जन्मोत्सव सादगी और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कोरोना महामारी के चलते शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए केवल पूजा-पाठ कर ही यह मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में सैनिटाइजर और मास्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन खजूरिया ने कहा भगवान श्रीहरि विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का अवतरण आज के ही दिन हुआ था। उन्होंने बताया कि हर वर्ष परशुराम युवा दल के सहयोग से ऊधमपुर में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाता रहा है। शहर में परशुराम भगवान की शोभायात्रा निकाली जाती रही और भंडारा भी आयोजित होता रहा है। मगर कोरोना संकट की वजह से इस बार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बचाव के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए बेहद सादगी और साधारण तरीके से पूजा-पाठ करके ही मनाया है। भगवान परशुराम से कोरोना संकट को शीघ्र समाप्त करने की प्रार्थना भी की गई।
पूजा-पाठ के बाद आयोजकों की तरफ से लोगों को सैनिटाइजर और मास्क भी वितरित किए गए। सभी ने आशा व्यक्त कि की पिछली बार की तरह इस बार भी कोरोना संकट पर जल्द ही विजय प्राप्त की जाएगी और जल्द ही सबकुछ फिर से सामान्य होगा। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास शर्मा, रमणीक शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता, विरेंद्र बडे़याल, विशाल शर्मा, राजकुमार, नटेश्वर वैद सहित अन्य मौजूद थे। कटड़ा में परशुराम जयंती पर बांटा प्रसाद
संवाद सहयोगी, कटड़ा : परशुराम जयंती के साथ ही अक्षय तृतीया पर्व कटड़ा में लोगों ने धार्मिक रीति रिवाज के साथ मनाया गया। हालांकि कोरोना महामारी के कारण अधिकांश लोगों ने अपने घरों में ही पर्व मनाया। दूसरी ओर कस्बा के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की। कटड़ा के प्रसिद्ध सिद्ध शिव मंदिर के साथ ही ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर, भूमिका मंदिर, महालक्ष्मी मंदिर, शिवालय मंदिर, टीगार्डन मंदिर आदि प्रमुख मंदिरों में दिन भर पूजा-अर्चना की गई। कटड़ा के प्रसिद्ध शिव दर्शन मंदिर में परशुराम जयंती के साथ ही अक्षय तृतीया तथा पवित्र संक्रांति को लेकर मंदिर में पूजा-अर्चना करने को पहुंच रहे श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां वैष्णो देवी भवन पर भी इन पवित्र पर्वो पर श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के अलौकिक दर्शन कर परिवार की सुख शांति की कामना की तो दूसरी ओर कोरोना महामारी के खात्मे को लेकर मां वैष्णो देवी से विशेष अर्चना की। नगर वासियों ने अपने अपने घरों में भी पूजा अर्चना कर दान पुण्य भी किया।