उपराज्यपाल से मिले ऑल पार्टी डेवलपमेंट कमेटी रियासी के सदस्य
जिले के प्रमुख मांगों को लेकर ऑल पार्टी डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य अपने प्रधान के डॉ. सुखदेव के नेतृत्व में शनिवार को उपराज्यपाल जीसी मुर्मू से मिले। उन्होंने उपराज्यपाल को रियासी के जच्चा बच्चा अस्पताल को शीघ्र शुरू करवाने के अलावा कुछ अन्य मांगें भी रखी।
संवाद सहयोगी, रियासी : जिले के प्रमुख मांगों को लेकर ऑल पार्टी डेवलपमेंट कमेटी के सदस्य अपने प्रधान के डॉ. सुखदेव के नेतृत्व में शनिवार को उपराज्यपाल जीसी मुर्मू से मिले। उन्होंने उपराज्यपाल को रियासी के जच्चा बच्चा अस्पताल को शीघ्र शुरू करवाने के अलावा कुछ अन्य मांगें भी रखी।
जम्मू से लौटने के बाद कमेटी के प्रधान डॉ. सुखदेव ने बताया कि जिला अस्पताल को अगार बलिया स्थित नई इमारत में स्थानांतरित कर देने के बाद से ही पुराने अस्पताल की इमारत में जच्चा बच्चा अस्पताल खोलने की मांग की जा रही है। इस अस्पताल के खुलने से लोगों को बेहतर उपचार मिलेगा। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले जम्मू में रियासी जिला विकास बोर्ड की बैठक हुई थी। जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने रियासी के पुराना अस्पताल को जच्चा बच्चा अस्पताल बनाने की मंजूरी दी थी। इसकी कवायद शुरू हो गई। लेकिन अस्पताल अभी तक खुल नहीं पाया। कस्बे से 3 किलोमीटर दूर सूला पार्क में बड़ी संख्या में शिवखोड़ी श्रद्धालु तथा पर्यटक पहुंचते हैं। इस स्थान को और विकसित करने के साथ ही सूला से किला तक गंढोला भी लगाया जाए। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और यकीनन रियासी की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। इसके अलावा किला साइट पर चिड़यिाघर बनाने की भी मांग को दोहराया। उपराज्यपाल ने उनकी मांगों को इन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया है। शिष्टमंडल में रियासी नगर पालिका कमेटी के पूर्व प्रधान यशपाल वर्मा, नगर पालिका कमेटी के पूर्व उप प्रधान सुदेश पंडोत्रा, तारिक बट, विशन मगोत्रा, रवि अबरोल, भी मौजूद रहे।