रामनगर में मास्क न पहनने वालों के काटे चालान
जागरण संवाददाता ऊधमपुर रामनगर में बिना मास्क वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से सोमवार
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : रामनगर में बिना मास्क वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से सोमवार को विशेष अभियान चलाकर लोगों को चालान काटे गए। चालान काटने के साथ लोगों को बाहर निकलने पर नियमित तरीके से मास्क पहनने को भी जागरूक किया। पुलिस की टीम में महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया। शाम तक टीम ने लोगों से 2,300 रुपये जुर्माना वसूला था।
कोरोना की तीसरी लहर को आने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन और पुलिस भी हर संभव प्रयास कर रही है। लोगों का लगातार शारीरिक दूरी व मास्क पहनने के नियम का पालन करने को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते हुए बिना मास्क के घरों से बाहर निकल कर दूसरों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। इसी को लेकर रामनगर पुलिस की तरफ से विशेष अभियान चलाया गया। महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक टीम सोमवार को कार्रवाई करने के लिए बाजार पहुंची और फिर टीम ने रामनगर गुप्ता चौक में लोगों को बिना मास्क पहने पाया और सबका मौके पर ही चालान भी किया। कई लोग पुलिस के सामने अपनी सफाई दे रहे थे, लेकिन पुलिस किसी नहीं सुन रही थी। जुर्माना वसूल करने के बाद ही लोगों को छोड़ा जा रहा था। साथ ही जागरूक भी किया जा रहा था कि जब भी घर से बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें। मास्क पहन कर ही अपने आपको कोरोना संक्त्रमण से बचाया जा सकता है। काफी संख्या में लोग ऐसे मिले, जिनके पास मास्क तो था, लेकिन पहने नहीं थे। जेब में रखकर चल रहे थे। कुछ लोग तो गले में ही मास्क को टागे हुए थे। गुप्ता चौक में कुछ लोग पुलिस के पकड़ने पर 100 रुपये चालान राशि के देने लगे। उन्हें बताया कि सिर्फ जुर्माना वसूलना मकसद नहीं है। जागरूक करने के लिए भी यह कार्रवाई की जा रही है।
एसआइ कुलदीप कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को मास्क पहनने के बारे में बताया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई भी की जा रही है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।