अभाविप ने भद्रवाह में निकाली तिरंगा रैली
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज भद्रवाह इकाई ने वीरवार को शहर में तिरंगा रैली निकाल कर त्रिमूर्ति बलिदान दिवस मनाया। रैली में शामिल अभाविप के सदस्य हाथों में 120 फीट का तिरंगा पकड़े कॉलेज से बाहर निकले और कॉलेज से सेरी बाजार लिक रोड न्यू बस स्टैंड और गवर्नमेंट ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल तक मार्च किया।
संवाद सहयोगी, किश्तवाड़ : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज भद्रवाह इकाई ने वीरवार को शहर में तिरंगा रैली निकाल कर त्रिमूर्ति बलिदान दिवस मनाया। रैली में शामिल अभाविप के सदस्य हाथों में 120 फीट का तिरंगा पकड़े कॉलेज से बाहर निकले और कॉलेज से सेरी बाजार, लिक रोड, न्यू बस स्टैंड और गवर्नमेंट ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल तक मार्च किया।
सेरी बाजार में छात्रों ने एकत्र होकर बलिदानी भगत सिंह अमर रहे, राजगुरु अमर रहे, सुखदेव अमर रहे, भारत माता की जय के नारे लगाए। अभाविप जीडीसी भद्रवाह इकाई के सचिव संदीप चाढ़क ने कहा कि त्रिमूर्ति बलिदान दिवस पर हर साल हमें स्वतंत्रता सेनानियों, अमर बलिदानी भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव के बलिदान को याद करना चाहिए। 23 मार्च 1931 के शहीदों को याद करने के लिए हम हर साल रैली का आयोजन करते हैं। इसी के चलते सैकड़ों छात्रों ने समाज को एक संदेश देने के लिए शहर भर में मार्च किया है।
ऊधमपुर में 31 मार्च को होगा अभाविप का 56वां प्रदेश अधिवेशन
संवाद सहयोगी, रियासी : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का 56वा प्रदेश अधिवेशन 31 मार्च को ऊधमपुर में होगा। इसमें जम्मू कश्मीर के सभी जिलों से अभाविप के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसमें जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। यह जानकारी अभाविप की रियासी ईकाई ने दी।
रियासी में वीरवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अभाविप के जिला संयोजक ऋषभ बनाथिया, नगर मंत्री आकाश राजपूत व जनरल जोरावर सिंह, सरकारी डिग्री कॉलेज के अध्यक्ष अभिजीत ठाकुर ने कहा कि ऊधमपुर में 31 मार्च को संगठन का प्रदेश अधिवेशन होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन के प्रशिक्षण सत्र में सिखाया जाता है कि विद्यार्थी वर्ग तथा समाज हित में किस तरह कार्य किए जाने चाहिए। अगर विद्यार्थी तथा समाज को परेशानिया हैं तो किस तरह प्रशासन के समक्ष उन समस्याओं को उठाकर सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बतौर मुख्य मेहमान शिरकत करेंगे। अधिवेशन के प्रस्ताव सत्र में अभाविप कार्यकर्ता उपराज्यपाल से रूबरू होंगे। अगर अभाविप कार्यकर्ताओं के जिला या नगर में विद्यार्थी तथा समाज से संबंधित कोई भी परेशानी होगी तो उन्हें उप राज्यपाल के समक्ष भी रखा जा सकता है। अभाविप देश ही नहीं बल्कि विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसका यह भी कर्तव्य है कि युवाओं के हित में कार्य किए जाएं। क्योंकि युवा ही देश का भविष्य है और युवा ही सही मार्ग पर चलेंगे तो ही देश आगे बढ़ेगा। कोरोना काल में अन्य जगहों की तरह रियासी में भी अभाविप कार्यकर्ताओं का प्रशासन से मिलकर कोरोना की रोकथाम में योगदान रहा। इसी तरह अगर कोई मानवीय या प्राकृतिक आपदा की स्थिति पैदा हो जाए तो भी अभाविप कार्यकर्ता अपने कर्तव्य पालन के लिए आगे रहते हैं। इन्हीं सब प्रशिक्षण की बारीकिया भी इस प्रदेश अधिवेशन में सीखने को मिलेंगी। इस अधिवेशन में जम्मू कश्मीर से करीब 300 अभाविप कार्यकर्ता शामिल होंगे। उस दौरान कोरोना से बचाव के सभी दिशा निर्देश का पूरा पालन किया जाएगा। इस दौरान रियासी जिला के लिए 56वें प्रदेश अधिवेशन का पोस्टर भी लाच किया।