दो दिनों में 75.6 एमएम पानी बरसा, सर्दी के साथ बढ़ी परेशानियां
मौसम का मिजाज वीरवार को दूसरे दिन भी बिगड़ा रहा। दूसरे दिन भी सुबह से शाम तक रुक रुक कर बारिश होती रही। साथ में चली तेज रफ्तार हवा ने सर्दी के साथ लोगों की परेशानियों में इजाफा किया।
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : मौसम का मिजाज वीरवार को दूसरे दिन भी बिगड़ा रहा। दूसरे दिन भी सुबह से शाम तक रुक रुक कर बारिश होती रही। साथ में चली तेज रफ्तार हवा ने सर्दी के साथ लोगों की परेशानियों में इजाफा किया। वहीं जिला के उपरी पहाड़ी इलाकों में ताजा हिमपात भी हुआ।
बुधवार को एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ा और बुधवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। रुक रुक कर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हुई। बारिश का यह सिलसिला वीरवार शाम तक चलता रहा। बुधवार से लेकर वीरवार शाम तक ऊधमपुर में 75.6 मिलीमीटर पानी बरसा। जिसमें से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से वीरवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 57 मिलीमीटर और इसके बाद वीरवार रात साठे आठ बजे तक 18.6 मिलीमीटर पानी बरसा।
वहीं जिला के उपरी पहाड़ी इलाकों में हल्का ताजा हिमपात हुआ। बारिश और बर्फबारी के साथ इलाके में शाम से तेज रफ्तार हवा भी चलना शुरु हो गई। 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली तेज रफ्तार हवा से दुकानों के साइन बोर्ड, फ्लेक्स और क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों के घरों से सामान उड़ने से भी नुकसान हुआ।
वहीं हवा की वजह से सर्दी का प्रकोप में इजाफा हुआ। बुधवार को बारिश के बाद अधिकतम तापमान लुढ़क कर 20.1 डिग्री पहुंच गया था। जो वीरवार को और नीचे लुढ़क कर 17.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले थोड़ी बढ़त के साथ 11.7 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम का मिजाज शुक्रवार को ऐसा ही बने रहने का पूर्वानुमान है।
दूसरे दिन भी बारिश की वजह से लोगों को खासी परेशानी हुई। बारिश की वजह से बाजार में ग्राहकों की संख्या कम रही। बारिश हल्की होने पर बाजार में चहल पहल लौटती, मगर बारिश शुरु होते ही भीड़ गायब हो जाती। वहीं बारिश की वजह से कई वार्डों में गलियों और सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी। विशेष रूप से जिन वार्डों में सिवरेज के लिए खोदाई की गई है, वहां पर कीचड़ की वजह लोगों का चलना मुशकिल हो गया।