महिला की हत्या की गुत्थी सुलझी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : हंदवाड़ा पुलिस ने करीब पांच माह पहले हुई एक महिला की हत्या की गुत्थी को मंग
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : हंदवाड़ा पुलिस ने करीब पांच माह पहले हुई एक महिला की हत्या की गुत्थी को मंगलवार को सुलझाने का दावा करते हुए हत्यारे को चिन्हित कर लिया है। हत्यारा उसका पति बताया जाता है और वह पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 14 नवंबर 2017 अब्दुल हमीद खान ने कलमाबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसे उसकी बेटी नाहिदा की ससुराल से फोन आया था कि वह अचानक गिर पड़ी। उसे जिला अस्पताल हंदवाड़ा ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिनरास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद उसे दफना दिया गया।
अब्दुल हमीद खान ने पुलिस को बताया कि उसे व उसकी पत्नी को नाहिदा के ससुराल वालों पर संदेह है कि उन्होंने नाहिदा की हत्या की है। उन्होंने नाहिदा के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है। उसे जल्दबाजी में दफनाया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि नाहिदा के सुसराल वाले अक्सर उससे मारपीट करते थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए मृतका के शव को आठ दिसंबर 2017 को कब्र से निकलवा कर उसका पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें सेंट्रल फारेंसिक साइंस लेबोरेटरी चंडीगढ़ के वैज्ञानिकों की मदद भी ली गई। इस दौरान मृतका के पति व सुसराल के अन्य लोगों से भी पूछताछ हुई। मृतका के पति के बयान लगातार परस्पर विरोधी पाए गए। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।