त्योहरों पर कटड़ा से दिल्ली, आनंद विहार और वाराणसी केलिए तीन विशेष रेलगाड़ियां
शारदीय नरवात्र के साथ शुरू हो रहे त्योहारों पर रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा दी है। जम्मू से तीन विशेष रेलगाड़ियां यात्रियों को मंगलमय यात्रा कराएंगी। इन रेलगाड़ियों का सबसे अधिक फायदा श्री माता वैष्णो देवी के यात्रियों को होगा क्योंकि तीनों ही कटड़ा तक पहुंचेंगी।
जागरण संवाददाता, जम्म: शारदीय नरवात्र के साथ शुरू हो रहे त्योहारों पर रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा दी है। जम्मू से तीन विशेष रेलगाड़ियां यात्रियों को मंगलमय यात्रा कराएंगी। इन रेलगाड़ियों का सबसे अधिक फायदा श्री माता वैष्णो देवी के यात्रियों को होगा क्योंकि तीनों ही कटड़ा तक पहुंचेंगी। नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा विशेष रेलगाड़ी सप्ताह में तीन दिन चलेगी। यह 10 अक्टूबर से शुरू होगी और अंतिम फेरा 22 नवंबर को लगाएगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यह रेलगाड़ी प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रात 11.30 बजे चलेगी। अगले दिन दोपहर 12.00 बजे श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में यह कटड़ा से प्रत्येक वीरवार, शनिवार और सोमवार को रात 09.30 बजे चलेगी। अगले दिन सुबह 10.30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में यह सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला छावनी, लुधियाना, जालंधर छावनी, पठानकोट छावनी, जम्मू तवी और ऊधमपुर स्टेशन पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। वाराणसी के लिए यह है ट्रेन
वाराणसी-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा साप्ताहिक विशेष रेलगाड़ी भी 10 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी। यह प्रत्येक रविवार को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से रात 11:20 बजे चलेगी। अगले दिन यह रात को 1:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी दिशा में यह वाराणसी रेलवे स्टेशन से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 6:10 बजे चलेगी। अगले दिन यह सुबह 10.55 बजे कटड़ा पहुंचेगी। रास्ते में यह ऊधमपुर, जम्मू तवी, पठानकोट छावनी, जालंधर छावनी, लुधियाना, अंबाला छावनी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ तथा सुल्तानपुर ठहरेगी। आनंद विहार के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन
रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन के बीच भी सप्ताह में दो दिन एक विशेष रेलगाड़ी चलाने का फैसला लिया है। यह रेलगाड़ी 11 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलेगी। यह प्रत्येक सोमवार और वीरवार को आनंद विहार टर्मिनल से रात 11 बजे चलकर के अगले दिन दोपहर 1.30 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में यह प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रात 9:10 बजे कटड़ा से चलेगी। अगले दिन सुबह 10:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। रास्ते में यह ऊधमपुर, जम्मू तवी, पठानकोट छावनी, जालंधर छावनी, लुधियाना, अंबाला छावनी, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी तथा गाजियाबाद स्टेशन पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।