तय समय सीमा में पूरा हो खेल प्रोजेक्ट : उपराज्यपाल
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम को विकसित करने के प्रोजेक्ट में देरी पर आपत्ति जताई। उन्होंने जम्मू कश्मीर में खेलों को बढ़ावा देने वाले प्रोजेक्टों को तय समय सीमा पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को श्रीनगर में खेल परिषद के कामकाज की समीक्षा करते हुए मनोज सिन्हा ने कहा कि खेल परिषद के अधिकारी विकास प्रोजेक्टों को जल्द पूरा करने की दिशा में गंभीरता दिखाएं। इसके साथ खेल अधिकारी अधिक से अधिक युवाओं को खेलों के साथ जोड़ें।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम को विकसित करने के प्रोजेक्ट में देरी पर आपत्ति जताई। उन्होंने जम्मू कश्मीर में खेलों को बढ़ावा देने वाले प्रोजेक्टों को तय समय सीमा पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को श्रीनगर में खेल परिषद के कामकाज की समीक्षा करते हुए मनोज सिन्हा ने कहा कि खेल परिषद के अधिकारी विकास प्रोजेक्टों को जल्द पूरा करने की दिशा में गंभीरता दिखाएं। इसके साथ खेल अधिकारी अधिक से अधिक युवाओं को खेलों के साथ जोड़ें। उपराज्यपाल ने श्रीनगर सचिवालय में हुई बैठक में जम्मू कश्मीर में खेलों की मौजूदा स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने खेल परिषद द्वारा बनाई गई काफी टेबल बुक भी जारी की।
युवा सेवा एवं खेल विभाग के आयुक्त सचिव सरमद हफीज ने खेल के क्षेत्र में जम्मू कश्मीर की उपलब्धियों के साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जम्मू के एमए स्टेडियम व श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में खेलों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में हो रही कार्रवाई के बारे में बताया।
उपराज्यपाल को बताया गया कि पीएम विकास प्रोजेक्ट के तहत जम्मू कश्मीर में खेलों के 31 प्रोजेक्टों पर काम चल रहा है। इनमें 22 मल्टी परपज इंडोर हॉल शामिल हैं। प्रदेश में 22 मल्टी परपज इंडोर हॉल में से 8 बनकर तैयार हो चुके हैं। 5 अगले महीने तैयार हो जाएंगे। विकसित किए जा रहे बुनियादी ढांचे के बारे में जानकारी लेने के बाद उपराज्यपाल ने जोर दिया कि खेल परिषद उस जिम्मेदारी को निभाए, जिसके लिए उसका गठन किया गया था।
बैठक में उपराज्यपाल के सलाहकार फारूक खान, केके शर्मा, मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम, उपराज्यपाल के प्रमुख सचिव व खेल विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद थे।